Tuesday, July 28, 2026
Home Blog Page 300

अजित दादा अमर रहें के नारों के बीच सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली

मुंबई। अजित दादा अमर रहें’ के नारों के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता और दिवंगत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उन्होंने उस पद को संभाला जो 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के बाद खाली हो गया था।

इसके साथ ही सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। इस मौके पर महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, NCP के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल भी मौजूद थे।

डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार का सादगीपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ 10 मिनट तक चला। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर पांच कुर्सियां लगी थीं। सफेद रंग की साड़ी में सुनेत्रा कुछ देर पहले लोकभवन पहुंची और प्रफुल्ल पटेल के पास नीचे लगी कुर्सी पर बैठीं।

ठीक पांच बजे राज्यपाल देवव्रत और सीएम देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ पहुंचे। फिर एनसीपी विधायक दल की नेता के तौर पर सुनेत्रा पवार को स्टेज पर आमंत्रित किया गया। 5.04 मिनट पर सुनेत्रा अजित पवार ने मराठी भाषा में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। एक मिनट में शपथ पढ़ने के बाद उन्होंने सिग्नेचर किया।

इसके बाद 5:07 बजे राज्यपाल ने इससे जुड़े कागजात पर साइन किए और राष्ट्रगान के बाद शपथ ग्रहण समारोह का समापन हो गया। 5:10 बजे सीएम और दोनों डिप्टी सीएम ने राज्यपाल को प्रोटोकॉल के तहत विदाई दी। शपथ ग्रहण के दौरान माहौल गमगीन ही रहा। मंच और मंच के नीचे मौजूद लोग गमगीन ही नजर आए। मुस्कुराहट हर चेहरे से गायब थी।

JEE Main 2026: जेईई मेन सेशन 2 के लिए कल से आवेदन

4 फरवरी को आएगी सेशन 1 की प्रोविजनल आंसर-की

नई दिल्ली। JEE 2026 Session 2 Registration Date: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 के रजिस्ट्रेशन के लिए अनाउंसमेंट कर दिया है। कैंडिडेट्स के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस कल यानी 1 फरवरी 2026 से शुरू हो जाएगा।

जो भी जेईई मेन दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो वह ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर ऑनलाइन फॉर्म फिल कर सकते हैं। वहीं, हाल ही में खत्म हुए जेईई मेन सेशन 1 एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की 4 फरवरी 2026 को जारी जाएगी। यहां कैंडिडेट्स दूसरे सत्र की परीक्षा, रजिस्ट्रेशन और पहले सत्र की आसंर-की के बारे में जानकारी कर सकते हैं।

NTA की X पर पोस्ट के अनुसार, JEE मेन सेशन 2 के लिए रजिस्ट्रेशन 1 फरवरी 2026 को शुरू होगा। कैंडिडेट्स ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in के माध्यम ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। लॉगिन बनाने के बाद, उन्हें पर्सनल और एकेडमिक डिटेल्स भरनी होंगी। एप्लीकेशन फीस का पेमेंट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI से ऑनलाइन किया जा सकता है।

JEE मेन सेशन 2 के लिए ऐसे करें अप्लाई
जो भी कैंडिडेट्स जेईई मेन सेशन 2 के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो वे इस तरह कर सकते हैं-

  1. सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
  2. विंडो ओपन होने पर रजिस्टर करें और अपना एप्लीकेशन ID पाएं।
  3. अब मांगी गई डिटेल पर्सनल, एकेडमिक और एग्जाम सेंटर आदि के साथ फॉर्म भरें।
  4. नियमों के अनुसार फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें।
  5. कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI से ऑनलाइन फीस पे करें।
  6. अंत में अपना फाॅर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें।

2 अप्रैल से शुरू होंगी सेशन 2 की परीक्षाएं
JEE Main 2026 सेशन 2 की परीक्षाएं 2 अप्रैल से 9 अप्रैल, 2026 के बीच कई शिफ्ट में होंगी। सिटी अलॉटमेंट स्लिप और एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ सप्ताह पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा और परीक्षा की डिटेल्स, जैसे तारीख, समय और सेंटर, ध्यान से चेक करनी होंगी।

सूरत-अयोध्या के बीच वाया कोटा होकर चलेगी वीकली स्पेशल ट्रेन

कोटा। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट को कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने सूरत से अयोध्या के बीच वीकली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

यह ट्रेन कोटा रेल मंडल से होकर गुजरेगी, जिसमें कोटा रेल मंडल के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस ट्रेन की समय सारणी प्रकाशित हो गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन दोनों तरफ की दिशाओं में अपने 7-7 फेरे पूरे करेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह ट्रेन 10 फरवरी से 25 मार्च के बीच चलेगी, जो कि दोनों दिशाओं में अपने 7-7 फेरे पूरे करेगी। ट्रेन की बुकिंग शुरू हो गई है, जिसमें यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल रहे हैं और ट्रेन के आने-जाने की पूरी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों तक पहुंचाई जा रही है। इस ट्रेन में थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल के कोच लगाए गए हैं।

यह ट्रेन सूरत के उधना रेलवे स्टेशन से अयोध्या कैंट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के रूप में 10 फरवरी से 24 मार्च के बीच चलेगी। ट्रेन उधना जंक्शन से सुबह 6:45 पर रवाना होगी और शाम को 6:10 पर कोटा पहुंचेगी, जिसके बाद अगले दिन सुबह 11:30 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

वहीं वापसी में यह ट्रेन 11 फरवरी से 25 मार्च के बीच अयोध्या कैंट से उधना जंक्शन के बीच चलेगी। ट्रेन दोपहर 1:30 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी इसके बाद अगले दिन सुबह 5:40 पर कोटा पहुंचेगी और शाम 5:30 पर उधना रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी।

यह ट्रेन रास्ते में भरूच, बड़ोदरा, रतलाम, नागदा, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और बाराबंकी स्टेशन रुकेगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोटा से उधना का किराया स्लीपर का 500 रुपये और थर्ड एसी का 1320 रुपए का रखा गया है, जबकि अयोध्या कैंट का किराया 560 रुपए स्लीपर और थर्ड एसी का 1485 रुपए है।

ठेकेदार को गैंगस्टर की धमकी देकर दो लाख की रंगदारी वसूली

कोटा। जिले में पीडब्ल्यूडी के एक ठेकेदार से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। ठेकेदार को धमकाकर दो लाख रुपये से अधिक की वसूली करने के आरोप में गुमानपुरा थाने में भीम सिंह, रूपनारायण, तेजपाल और गैंगस्टर शिवराज समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यह प्रकरण 27 जनवरी को दर्ज कराया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भीम सिंह, रूपनारायण और तेजपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें फिलहाल पुलिस रिमांड पर रखा गया है। मामले की जांच जारी है।

पीड़ित ठेकेदार गुमानपुरा थाना क्षेत्र का निवासी है और पीडब्ल्यूडी विभाग में ठेकेदारी करता है। उसने शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में उसे महिला आईटीआई संजय नगर, कोटा में मेंटेनेंस कार्य का टेंडर उसकी फर्म के नाम से मिला था।

टेंडर मिलने के कुछ दिन बाद भीम सिंह नामक व्यक्ति उससे मिला और कहा कि यहां टेंडर का एक हिस्सा काटकर गैंगस्टर शिवराज सिंह को दिया जाता है। यदि काम करना है तो टेंडर की राशि का 10 प्रतिशत (करीब 2 लाख 80 हजार रुपये) उन्हें देने होंगे, अन्यथा काम नहीं करने दिया जाएगा।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर कैमरे लगाए गए हैं और हर ठेकेदार पर उनकी नजर रहती है। हिस्सा नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

कुछ दिन बाद रूपनारायण गुर्जर और तेजपाल सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और दोबारा धमकी देकर बोली की राशि का 10 प्रतिशत मांगा। नहीं देने पर गैंगस्टर शिवराज से बात कराने की बात कही गई। दबाव में आकर पीड़ित ने 25 नवंबर को 50 हजार रुपये ऑनलाइन और एक लाख रुपये नकद रूपनारायण को दे दिए।

इसके बावजूद आरोपियों की धमकियां बंद नहीं हुईं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे काम नहीं करने दे रहे थे और लगातार धमकाते रहे कि भविष्य में उनकी अनुमति के बिना कोई टेंडर डाला तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गैंगस्टर शिवराज सहित अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एमवी अगस्ता ने लॉन्च की अल्ट्रा-एक्सक्लूसिव लिमिटेड-एडिशन रश टिटानियो बाइक

0

नई दिल्ली। इटैलियन टू-व्हीलर कंपनी एमवी अगस्ता (MV Agusta) ने ब्रूटेल (Brutale) 1000RR पर बेस्ड नई अल्ट्रा-एक्सक्लूसिव, लिमिटेड-एडिशन रश टिटानियो (Rush Titanio) को पेश किया है।

इस मोटरसाइकिल को स्विट्जरलैंड के सेंट मोरिट्ज में इंटरनेशनल कॉन्कॉर्स ऑफ एलिगेंस में पेश किया गया। इसकी सिर्फ 300 यूनिट ही बनाई जाएंगी, जिन पर अलग-अलग नंबर होंगे। कंपनी बाद में इसकी कीमत, रिलीज डेट और डिटेल्ड स्पेसिफिकेशन्स बताएगी।

इसका नाम टिटानियो इसलिए रखा गया है, क्योंकि इस मोटरसाइकिल में ब्रश किए हुए टाइटेनियम कम्पोनेंट्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है। इनमें खास तौर पर इस मॉडल के लिए डेवलप किया गया एरो टाइटेनियम स्लिप-ऑन, एक टाइटेनियम एग्जॉस्ट कैरियर, “Titanio” ब्रांडिंग और एटम-स्टाइल ग्राफिक वाला टाइटेनियम फ्यूल टैंक फ्रंट कवर, और डैशबोर्ड और हेडलाइट के लिए टाइटेनियम कैरियर शामिल हैं।

इसके अलावा, इसमें 1000cc, इनलाइन फोर-सिलेंडर इंजन में 16 टाइटेनियम वाल्व और चार फोर्स्ड टाइटेनियम कनेक्टिंग रॉड भी हैं। कार्बन फाइबर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल रश टिटानियो को और भी खास बनाता है। कंपनी इस बात पर जोर देती है कि टिटानियो एडिशन में कार्बन कम्पोनेंट्स पर एक नया ट्विल वीव फिनिश है, जबकि चुने हुए एनोडाइज्ड एल्यूमीनियम पार्ट्स को एक खास “ब्लू टाइटेनियो” टोन में फिनिश किया गया है।

इसके अलावा, बाइक पर बेस पेंट नेरो इंटेन्सो है जिसमें अर्जेंटो मैग्नम और ब्लू टाइटेनियो एक्सेंट हैं। इसमें पेंट की गई सतहों पर ग्लॉस फिनिश का भी इस्तेमाल किया गया है, जो मैट ट्विल-इफेक्ट कार्बन के विपरीत है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है।

कोई देश पाकिस्तान को कर्ज नहीं देता, खुद पाक पीएम ने सुनाया दुखड़ा

नई दिल्ली। Pakistan PM Shahbaz Sharif: पाकिस्तान और कर्ज पिछले कई दशकों से चली आ रही इस प्रेम कहानी की असलियत अब पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खोलकर रख दी है।

उन्होंने साफ तौर पर यह स्वीकार किया है कि कैसे वह और पाकिस्तानी सेना के चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर दूसरे देशों में जाकर कर्ज के लिए गिड़गिड़ाते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में शरीफ बताते हैं कि कैसे आईएमएफ के पैकेज के लिए भी उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। पाक पीएम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 1 अरब डॉलर की फीस वाले पीस बोर्ड में शामिल होने की हामी भर चुके हैं।

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान अपना दुखड़ा जनता को सुनाया। उन्होंने वर्तमान में पाकिस्तान की थोड़ी ठीक होती आर्थिक हालात का हवाला देते हुए कहा, “मैं उन देशों का आभारी हूं, जिन्होंने हमारी मदद की है, लेकिन आप जानते हैं कि जो भी कर्ज लेता है, उससे जुड़ी कुछ जिम्मेदारियां भी होती हैं।

मैं आपको किस तरह यह बताऊं कि कैसे हमने इन दोस्त देशों से जाकर कर्ज मांगा। मैं और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भी चुपचाप मेरे साथ जाकर उन देशों को पाकिस्तान के हालात और आईएमएफ के प्रोग्राम के बारे में जानकारी दी। फिर उनसे कई बिलियन डॉलर कर्ज की मांग की। आप सभी जानते हैं, जो कर्ज लेने जाता है। उसका सिर झुका हुआ होता है।”

शरीफ ने कहा, “आप सभी जानते हैं कि जब एक बार आप कर्ज लेते हैं, तो कई बार इन देशों की भी कुछ मांगे होती हैं, आपको अपनी इज्जत रखकर कर्ज लेना होता है। ऐसे में कई बार आपको उन देशों की कई बातों को भी मानना होता है।”

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने बताया कि मुश्किल वक्त में उनकी सबसे ज्यादा मदद चीन ने की है। उन्होंने कहा, “चीन ने सबसे मुश्किल समय में हमारी मदद की, इसके अलावा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने भी सहयोग दिया। इसी तरह यह कार्यक्रम तैयार किया गया।”

दी इज्जत की दुहाई
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीएवा के साथ हुई एक बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “पिछले प्रोग्रामों के दौरान काफी गलतियां हुई थीं, जिसकी वजह से उन्होंने मुझसे कहा कि समय खत्म हो गया है और अब वह हमें नया प्रोग्राम नहीं दे सकतीं।

उस वक्त मैंने उनसे कहा कि मैं आपको इज्जत की कसम देता हूं कि हम समझौते का अक्षरशः पालन करेंगे और जैसा आप कहेंगी वैसा ही उसे लागू करेंगे। इसके बाद जब मैं वापस पाकिस्तान लौटा, तो उन्होंने मुझे फोन करके कहा कि हमारी टीम आपके साथ बैठेगी और आपको समझौते की शर्तें पूरी करनी होगी। इस तरह से पाकिस्तान डिफॉल्ट होने से बच सका है।

देश का विदेशी मुद्रा भंडार सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर, जानिए कितना हुआ

मुंबई। Forex Reserve: इस साल का आम बजट (Union Budget) कल ही संसद में पेश होगा। इससे पहले भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में ऐसी तेज बढ़ोतरी हुई है कि अगला-पिछला सारा रिकार्ड टूट गया।

बीते 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 8 अरब डॉलर से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ अपना फोरेक्स भंडार $709.413 billion के सर्वकालिक उच्चतम स्तर (India’s Forex Reserve at All Time High) पर पहुंच गया। इससे एक सप्ताह पहले भी भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $14.17 billion की भारी बढ़ोतरी हुई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 23 जनवरी 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $8.053 billion की भारी बढ़ोतरी हुई है।

इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $14.17 billion का इजाफा हुआ था। अब अपना भंडार बढ़ कर $709.413 billion हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले 27 सितंबर 2024 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपना विदेशी मुद्रा भंडार $704.885 billion के रिकार्ड उच्चतम स्तर पर था। वह रिकार्ड इस सप्ताह टूट गया है। इस भारी बढ़ोतरी में सोने का योगदान सर्वाधिक है।

FCA भंडार का हाल
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार आलोच्य सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में भी बढ़ोतरी हुई है। 23 जनवरी 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने Foreign Currency Assets (FCAs) में $2.367 Billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $9.652 billion की तगड़ी बढ़ोतरी हुई थी।

अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $562.885 billion हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

फास्टैग से लेकर सिगरेट एवं क्रेडिट कार्ड तक के नियम कल से बदल जाएंगे

नई दिल्ली। New Rules From 1 February: 1 फरवरी 2026 से आपके बजट से जुड़े कई बदलाव होने जा रहे हैं। ये ऐसे बदलाव हैं जो सीधे तौर पर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे।

कल केंद्रीय बजट 2026 भी पेश होगा। इसमें कई ऐसी घोषणाएं की जा सकती हैं जो आपकी जेब से जुड़ी होंगी। वहीं दूसरी ओर कल यानी 1 फरवरी से एलपीजी सिलेंडर, सिगरेट, फास्टैग आदि से जुड़े कई नियम और कीमतें बदलने वाली हैं।

  • LPG सिलेंडर की नई कीमतें
    1 फरवरी को रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की नई कीमतें तय होने की उम्मीद है। दरअसल, हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में ये कंपनियां एलपीजी की कीमत को बढ़ा या घटा सकती हैं। या हो सकता है कि इनमें कोई बदलाव भी ना करें। पिछले कुछ समय का ट्रेंड देखें तो 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पिछले महीने इसकी कीमत 14.50 रुपये कम की गई थी।
  • CNG, PNG और एविएशन फ्यूल
    कल यानी 1 फरवरी से CNG, PNG और एविएशन फ्यूल की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है। चूंकि 1 फरवरी को बजट आने वाला है। ऐसे में यह संभव है कि 1 फरवरी को ही CNG, PNG और एविएशन फ्यूल की कीमतों में बदलाव की घोषणा की जाए। अगर CNG और PNG की कीमतें बढ़ती हैं, तो घर और यात्रा का खर्च बढ़ सकता है। एविएशन फ्यूल की कीमतों में बदलाव से हवाई किराए बढ़ या घट सकते हैं।
  • FASTag के नियम में बदलाव
    नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने घोषणा की है कि FASTag के लिए KYC वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म कर दी जाएगी। 1 फरवरी से FASTag एक्टिवेट कराने के बाद आपको कोई अतिरिक्त KYC वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह जिम्मेदारी अब फास्टैग जारी करने बैंकों की होगी कि वे पहले ही वाहन से जुड़ी सभी जांच पूरी करें।
  • सिगरेट, पान मसाला और तंबाकू होंगे महंगे
    1 फरवरी 2026 से पान-मसाला, सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट का सेवन आपकी जेब पर भारी पड़ने वाला है। सरकार इन प्रोडक्ट पर टैक्स बढ़ाने की तैयारी में है, जिसके चलते इनकी कीमतों में उछाल आना तय है। यह अतिरिक्त बोझ सामान्य GST से अलग होगा। इसमें मुख्य रूप से उत्पाद शुल्क (Excise Duty) और उपकर (Cess) में वृद्धि की जाएगी, जिससे इन प्रोडक्ट की लागत बढ़ जाएगी।
  • क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
    एचडीएफसी या आईसीआईसीआई बैंक भी अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े कुछ नियम 1 फरवरी से बदल रहे हैं। एचडीएफसी इनफिनिया मेटल क्रेडिट कार्ड यूजर्स अब रिवॉर्ड पॉइंट्स को महीने में अधिकतम पांच बार रिडीम कर पाएंगे। आईसीआईसीआई बैंक अपने कुछ खास क्रेडिट कार्ड पर बुकमाईशो के जरिए मिलने वाली मुफ्त मूवी टिकट की सुविधा को बंद कर रहा है। रिवॉर्ड पॉइंट्स में भी बदलाव होंगे।

चार नए श्रम कानूनों के विरोध में 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए लेबर कोड और मजदूर विरोधी श्रम नीतियों के खिलाफ देश के सेंट्रल ट्रेड यूनियनों ने 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का अह्वान किया है। इस हड़ताल को बैंककर्मी भी अपना समर्थन दे रहे हैं।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के संगठनों ने इस हड़ताल को अपना समर्थन दे दिया है। मतलब कि उस दिन बैंक भी बंद रहेंगे। बीते 27 जनवरी को भी देश भर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर गए थे।

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC), हिंद मजदूर सभा (HMS), ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (AICCTU), LPF और UTUC सहित देश के प्रमुख ट्रेड यूनियनों ने इस हड़ताल का अह्वान किया है।

इसे संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) समेत किसानों के कुछ संगठनों का भी समर्थन प्राप्त है। इस हड़ताल का मुख्य कारण सरकार द्वारा पिछले नवंबर में लाए गए चार नए लेबर कोड हैं। इन लेबर कोड ने मौजूदा 29 श्रम कानूनों का स्थान लिया है। इसके अलावा, यह हड़ताल ‘कामकाजी वर्ग पर बढ़ते हमलों’ के विरोध में भी है

बैंक कर्मचारियों के संगठन भी जुड़े
बैंक कर्मचारियों के सबसे बड़े संगठन ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) ने भी इसे समर्थन दे दिया है। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों के संगठन ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) आदि ने भी अपने सदस्यों से इस हड़ताल में शामिल होने को कहा है।

एआईबीओए के महासचिव एस. नागरंजन ने हमारे सहयोगी ईटी वेल्थ ऑनलाइन को बताया कि उनका संगठन 12 फरवरी, 2026 को होने वाली सेंट्रल ट्रेड यूनियन की हड़ताल को अपना समर्थन दे रहा है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से भी अपील की है कि वे हड़ताल वाले दिन कोई भी क्लर्क वाला काम न करें।

सड़क दुर्घटना में घायल की गोल्डन ऑवर में मदद करना जीवनदान है

सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन

कोटा। सड़क पर सुरक्षित जीवन की संस्कृति को सुदृढ़ करने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से आयोजित सड़क सुरक्षा माह-2026 का औपचारिक समापन शुक्रवार को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कार्यालय में संपन्न हुआ।

एक माह तक चले इस अभियान के दौरान शहरभर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात के प्रति जनचेतना विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया।

कोटा सड़क सुरक्षा समितिं के उपसचिव भुवनेश गुप्ता के अनुसार समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा ने शहीद दिवस पर अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें स्मरण किया तथा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) अशोक मीणा एवं कोटा सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीष शर्मा ने कहा, सड़क पर समझदारी और सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने आमजन से वाहनों को तकनीकी रूप से दुरुस्त रखने, सड़क पर कट, स्पीड ब्रेकर एवं मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया।

इस अवसर पर लायंस क्लब कोटा टेक्नो, कोटा सड़क सुरक्षा समिति, कोटा जोशीको ड्राइविंग स्कूल, कोटा फन राइडर क्लब व अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी राजीव त्यागी सहित विभिन्न संस्थाओं एवं अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

भुवनेश गुप्ता को विशेष सम्मान
साथ ही सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता के लिए लगातार किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए भुवनेश गुप्ता को विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। कार्यक्रम के दौरान 15 मिनट का विशेष प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें दुर्घटनाओं के समय होने वाली मानवीय लापरवाही, गोल्डन ऑवर के महत्व, घायल को समय पर अस्पताल पहुँचाने तथा संवेदनशील नागरिक की भूमिका को दर्शाने वाले प्रभावशाली वीडियो प्रदर्शित किए गए।

अतिथि पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक अशोक मीणा ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और किसी भी परिस्थिति में यातायात नियमों की अवहेलना न करें। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से उठाने और अस्पताल तक पहुँचाने के व्यावहारिक उपाय भी साझा किए।

कोटा सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर सुधारात्मक कार्य करने तथा ब्लैक स्पॉट की पहचान कर ठोस कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर भुवनेश गुप्ता ने युवाओं से वाहन की गति नियंत्रित रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण तेज गति होती है, जिसे नियंत्रित कर अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा समिति से मोहनजीत, तनु जोशी, शफाकत गोरी, शादमान, धीरेंद्र कुमार जोशी, लायंस क्लब कोटा टेक्नो के निदेशक ए.के. गुप्ता, रजनी गुप्ता, सुरेश चंद भंडारी सहित अनेक गणमान्यजन , जिला परिवहन अधिकारी बूंदी रजनीश विद्यार्थी, इंस्पेक्टर अवधेश डांगी, देवेन्द्र जोशी, गिरधर लाल मीणा, बीरबल, लक्ष्मी, राकेश मीणा उपस्थित रहे।