Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 199

डुकाटी ने ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए लॉन्च की बाइक, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। इटली की मशहूर सुपरबाइक कंपनी डुकाटी (Ducati) ने भारत में अपनी पहली मोटोकॉस बाइक डुकाटी Desmo450 MX (Ducati Desmo450 MX) लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹17.23 लाख रखी गई है।

इस बाइक के साथ डुकाटी (Ducati) ने पहली बार भारत में ऑफ-रोड रेसिंग और मोटोकॉस सेगमेंट में कदम रखा है। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है, जबकि डिलीवरी मार्च 2026 से शुरू होने वाली है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

नई डुकाटी Desmo450 MX (Ducati Desmo450 MX) को खास तौर पर ऑफ-रोड रेसिंग और मोटोकॉस ट्रैक के लिए तैयार किया गया है। यह डुकाटी (Ducati) की रेगुलर रोड सुपरबाइक्स से बिल्कुल अलग है।

इस बाइक को अंतरराष्ट्रीय मोटोकॉस प्रतियोगिताओं जैसे MXGP वर्ल्ड चैंपियनशिप में टेस्ट किया गया है, ताकि इसे असली रेसिंग परिस्थितियों में बेहतर बनाया जा सके। भारत में भी इसे पहले भारतीय सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (Indian Supercross Racing League) के फाइनल में शोकेस किया गया था।

इंजन और परफॉर्मेंस
इस मोटोकॉस बाइक में पावरफुल इंजन 449.6cc सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो करीब 62 bhp की पावर और लगभग 54 Nm का टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। ये करीब 12,000 rpm तक रेव करने की क्षमता के साथ आता है। (Desmodromic valve technology) दी गई है, जो आमतौर पर कंपनी की हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स बाइक्स में मिलती है। इससे इंजन को बेहतर पावर डिलीवरी और मजबूत परफॉर्मेंस मिलती है।

एडवांस सस्पेंशन
ऑफ-रोड रेसिंग के लिए बाइक का फ्रेम हल्का और मजबूत बनाया गया है। इसमें लाइटवेट एल्युमिनियम फ्रेम दिया गया है। कंपनी ने इसमें 49mm शोवा फ्रंट फोर्क और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन (पूरी तरह एडजस्टेबल) दिया गया है। इसके ब्रेकिंग सिस्टम की बात करें तो इसमें ब्रेम्बो (Brembo) का हाई-परफॉर्मेंस ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है, जिससे तेज रफ्तार में भी बाइक पर पूरा कंट्रोल मिलता है।

ट्रैक्शन कंट्रोल
इस बाइक की एक खास बात इसका ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम है, जो आमतौर पर मोटोकॉस बाइक्स में कम देखने को मिलता है। यह सिस्टम रियर व्हील की स्लिप को मॉनिटर करता है और जरूरत पड़ने पर ही हस्तक्षेप करता है, जिससे राइडर को बेहतर कंट्रोल और ज्यादा कॉन्फिडेंस मिलता है।

नई डुकाटी Desmo450 MX (Ducati Desmo450 MX) के लॉन्च के साथ डुकाटी (Ducati) ने भारत में मोटोकॉस सेगमेंट में एंट्री कर ली है। दमदार इंजन, हल्का फ्रेम और रेसिंग-फोकस्ड टेक्नोलॉजी के साथ यह बाइक खास तौर पर ऑफ-रोड रेसिंग के शौकीनों के लिए बनाई गई है।

BMW M 1000 R सुपरस्पोर्ट रोडस्टर बाइक भारत में लॉन्च, जानिए कीमत एवं फीचर्स

नई दिल्ली। BMW मोटोराड ने भारतीय मार्कट में अपनी हाई-परफॉर्मेंस ‘M’ सीरीज का विस्तार करते हुए नई M 1000 R सुपरस्पोर्ट रोडस्टर को लॉन्च कर दिया है। यह दमदार मोटरसाइकिल भारत में ‘कम्पलीटली बिल्ट-अप यूनिट’ (CBU) के रूप में आएगी।

यानी इसे विदेश से सीधे इम्पोर्ट किया जाएगा। बता दें कि देशभर के अधिकृत डीलरशिप पर इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। कंपनी ने साफ किया है कि इसकी डिलीवरी मई 2026 से शुरू होगी। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 33.50 लाख रुपये तय की गई है।

डिजाइन
डिजाइन के मामले में यह बाइक किसी का भी ध्यान अपनी ओर खींचने का दम रखती है। इसका लुक काफी हद तक BMW की मशहूर RR सुपरबाइक्स से प्रेरित है। इसके फ्रंट में नई डुअल-फ्लो LED हेडलाइट दी गई है जो इसे बेहद आक्रामक चेहरा देती है। सबसे खास बात इसमें दिए गए ‘M विंगलेट्स’ हैं। ये सिर्फ 220 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर अगले पहिए पर 11 किलो तक का अतिरिक्त दबाव (डाउनफोर्स) डालते हैं जिससे तेज रफ्तार में भी बाइक सड़क से चिपक कर चलती है और स्थिर बनी रहती है।

इंजन
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 999cc का वॉटर-कूल्ड इनलाइन फोर-सिलेंडर इंजन लगा है। इसे खास तौर पर ट्रैक के लिए ट्यून किया गया है। यह इंजन 13,750 आरपीएम पर 210bhp की जबरदस्त पावर और 113Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसकी रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह महज 3.2 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 280 किमी प्रति घंटा है। इसमें BMW की ‘शिफ्टकैम’ टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है जो कम स्पीड पर भी बेहतरीन टॉर्क और हाई स्पीड पर शानदार परफॉर्मेंस सुनिश्चित करती है।

फीचर्स
फीचर्स के मोर्चे पर भी BMW ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसमें 6.5-इंच का टीएफटी डिस्प्ले मिलता है, जिसमें खास ‘M स्टार्टअप’ एनिमेशन दिया गया है। राइडर्स की सेफ्टी के लिए इसमें रेन, रोड, डायनेमिक और रेस जैसे कई राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। साथ ही, एडाप्टिव एलईडी लाइटिंग, क्रूज कंट्रोल, हीटेड ग्रिप्स और ट्रैक लवर्स के लिए पिट-लेन लिमिटर जैसे एडवांस फीचर्स भी मौजूद हैं। यह बाइक उन लोगों के लिए एक परफेक्ट पैकेज है जो सड़क पर डेली राइड के साथ-साथ रेस ट्रैक का रोमांच भी चाहते हैं।

खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से फरवरी में थोक महंगाई दर बढ़कर 2.13 फीसदी हुई

नई दिल्ली। WPI: देश में थोक महंगाई दर फरवरी 2026 में बढ़कर 2.13 प्रतिशत हो गई है। यह लगातार चौथा महीना है जब थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई में इजाफा दर्ज किया गया है।

इससे पहले जनवरी में यह दर 1.81 प्रतिशत थी, जबकि फरवरी 2025 में यह 2.45 प्रतिशत रही थी। सरकार द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी इसका प्रमुख कारण रही।

आंकड़ों के मुताबिक, खाद्य वस्तुओं में महंगाई जनवरी के 1.55 प्रतिशत से बढ़कर फरवरी में 2.19 प्रतिशत हो गई। हालांकि सब्जियों की महंगाई में कुछ राहत देखने को मिली। फरवरी में सब्जियों की महंगाई 4.73 प्रतिशत रही, जो जनवरी में 6.78 प्रतिशत थी। इसके बावजूद दाल, आलू और अंडा, मांस व मछली जैसी वस्तुओं की कीमतों में पिछले महीने के मुकाबले अधिक तेजी दर्ज की गई।

विनिर्मित उत्पादों के मोर्चे पर भी महंगाई में हल्की बढ़ोतरी हुई। फरवरी में इस श्रेणी की थोक महंगाई 2.92 प्रतिशत रही, जो जनवरी में 2.86 प्रतिशत थी। वहीं गैर-खाद्य वस्तुओं की महंगाई 7.58 प्रतिशत से बढ़कर 8.80 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो इस बात का संकेत है कि कच्चे माल और अन्य जरूरी औद्योगिक वस्तुओं की कीमतों में दबाव बना हुआ है।

दूसरी ओर, ईंधन और बिजली श्रेणी में गिरावट यानी डिफ्लेशन का दौर जारी रहा। फरवरी में इस श्रेणी में महंगाई दर माइनस 3.78 प्रतिशत रही, जबकि जनवरी में यह माइनस 4.01 प्रतिशत थी। इसका मतलब है कि इस क्षेत्र में कीमतें अभी भी पिछले साल के मुकाबले नीचे बनी हुई हैं, हालांकि गिरावट की रफ्तार थोड़ी कम हुई है।

वैश्विक तनाव के कारण फरवरी में भारत का व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर तक पहुंचा

नई दिल्ली। Trade deficit Of India: भारत का व्यापार घाटा फरवरी महीने में बढ़कर 27.1 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान देश के वस्तु निर्यात में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि आयात में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। वैश्विक भू राजनीतिक परिस्थितियों और बढ़ते आयात को इस बदलाव का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार फरवरी में भारत का वस्तु निर्यात 0.81 प्रतिशत घटकर 36.61 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। पिछले वर्ष इसी अवधि में निर्यात का आंकड़ा थोड़ा अधिक था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव और अनिश्चितताओं के कारण कई क्षेत्रों में निर्यात पर दबाव बना हुआ है।

आयात में 24 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी
दूसरी ओर फरवरी में आयात में तेज उछाल देखने को मिला। इस दौरान देश का कुल आयात 24.11 प्रतिशत बढ़कर 63.71 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि फरवरी 2025 में यह 51.33 अरब डॉलर था। आयात में इस तेज वृद्धि के कारण ही व्यापार घाटा बढ़कर 27.1 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

चालू वित्त वर्ष में निर्यात में बढ़ोतरी
वाणिज्य सचिव Rajesh Agrawal ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात संतोषजनक प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के अप्रैल से फरवरी के बीच देश का निर्यात 1.84 प्रतिशत बढ़कर 402.93 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है।

इसी अवधि में आयात भी 8.53 प्रतिशत की दर से बढ़कर 713.53 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। इससे साफ है कि घरेलू मांग और वैश्विक परिस्थितियों के कारण आयात की गति निर्यात की तुलना में ज्यादा तेज रही है।

पश्चिम एशिया संकट से बढ़ी चुनौतियां
सरकार का कहना है कि मार्च महीने में निर्यात के सामने और चुनौतियां आ सकती हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण लॉजिस्टिक्स और व्यापार मार्गों पर असर पड़ रहा है।

Stock Market: सेंसेक्स 939 अंक उछलकर 75500 के पार, निफ्टी 23409 पर बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर बाजार में आज शुक्रवार को तेजी देखने को मिली है। जिससे निवेशकों ने राहत की सांस ली है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन को 1.26 प्रतिशत या फिर 938.93 अंक की तेजी के साथ 75,502.85 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, मार्केट के क्लोजिंग के टाइम पर निफ्टी-50 1.11 प्रतिशत या फिर 257.70 अंक की तेजी के साथ 23408.80 अंक ट्रेड पर कर रहा था।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गिरावट के साथ 74,415 अंक पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में उतार-चढ़ाव दिखा लेकिन बाद में तेजी हावी हो गई। अंत में यह 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,502.85 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी सपाट रुख के साथ 23,116 पर ओपन हुआ। कारोबार के दौरान यह 22,955 अंक तक फिसल गया था। अंत में यह 257.70 अंक या 1.11 फीसदी की बढ़त लेकर 23,408 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की 30 में 23 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे अधिक 4 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई है। वहीं, ट्रेंट के शेयरों 3 प्रतिशत की तेजी आई है। एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, बजाज फाइनेंस के शेयरों की कीमतों में 2 प्रतिशत से अधिक की उछाल दर्ज की गई है। आईटीसी, टाटा स्टील के शेयरों में भी 2-2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्रा सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त आई। यह 4 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ। इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, बजाज फाइनेंस और आईटीसी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाइटन, भारती एयरटेल, टीसीएस और इंफोसिस प्रमुख रूप से गिरावट में रहे।

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑटो सबसे अधिक लाभ कमाने वाला शेयर रहा। इसमें 1.67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी प्राइवेट बैंक शेयरों का स्थान रहा। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी ऑयल एंड गैस और रियल्टी शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखी गई। वहीं, ब्रोडर मार्केटस का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्स से कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.43 प्रतिशत और 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

लघु उद्योग भारती की कोटा इकाई ने परिवार के साथ मनाया भारतीय नववर्ष

कोटा। लघु उद्योग भारती कोटा की विभिन्न इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में संस्कृति बैंक्वेट हॉल में पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्य सलाहकार गोविंद राम मित्तल ने भारतीय नववर्ष के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल ने “पंच परिवर्तन” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज एवं उद्योग जगत में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया।

कोटा मुख्य इकाई के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष आशुतोष जैन ने किया। रानपुर इकाई के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने लघु उद्योग भारती की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर उदयपुर के ओम दवे ने संगठन के डिजिटल प्लेटफॉर्म LEAP B2B के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस मंच के माध्यम से उद्यमी आपसी व्यापारिक संपर्कों को बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम स्थल पर स्थापित हेल्पडेस्क के माध्यम से पांच नए सदस्यों का लघु उद्योग भारती में पंजीकरण किया गया, वहीं 17 सदस्यों को LEAP पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया गया तथा लगभग 22 सदस्यों के उत्पाद पोर्टल पर जोड़े गए।

मुख्य इकाई सचिव संदीप जांगिड़ एवं रानपुर इकाई सचिव नभ शर्मा ने ओम दवे का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसी दौरान मातृ संगठन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सदस्य रजनीश (कॉन्ट्राइव इंस्ट्रूमेंटेशन प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा प्रकाशित डायरी का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में श्वेता जैन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक शशि मित्तल के नेतृत्व में टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। महिला इकाई अध्यक्ष चांदनी पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Stock Market Update: सेंसेक्स 74600 के पार, निफ्टी 23153 पर

नई दिल्ली। Stock Market Update : शेयर मार्केट कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भी लाल निशान पर है। सेंसेक्स 148 अंकों की गिरावट के साथ 74416 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 35 अंक नीचे 23116 पर खुला। हालांकि, चंद मिनट बाद ही निफ्टी 46 अंक ऊपर 23197 पर पहुंच गया।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गिरावट के साथ 74,416 अंक पर खुला। खुलने के तुरंत बाद 74,846 अंक तक चढ़ा। सुबह 9:22 बजे यह 26.38 अंक या 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर 74,590.30 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी सपाट रुख के साथ 23,116 पर ओपन हुआ। सुबह 9:22 बजे यह 2.30 अंक या 0.01 फीसदी की हल्की बढ़त लेकर 23,153.40 पर ट्रेड कर रहा था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियाई बाजार
    कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिका-ईरान युद्ध के ताजा घटनाक्रम का आकलन करने के बीच एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। जापान का निक्केई 225 0.12 प्रतिशत और टॉपिक्स 0.11 प्रतिशत गिर गया। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.95 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि कोस्डैक सपाट था। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी
    टुडे गिफ्ट निफ्टी 23,359 लेवल के आसपास ट्रेडिंग कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद होने से लगभग 160 पॉइंट का प्रीमियम था। यह भारतीय शेयर बाजार सूचकांकों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 119.38 अंक या 0.26 प्रतिशत गिरकर 46,558.47 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 40.43 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 6,632.19 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 206.62 अंक या 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,105.36 पर बंद हुआ।

एमसीएक्स पर सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Price 16 March 2026: सोने की कीमतों में सोमवार (16 मार्च) को शुरुआती कारोबार में 1% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसकी वजह यह है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से जल्द ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। साथ ही, अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे आर्थिक विकास की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। यह 1,800 रुपये (1.14%) गिरकर 1,56,655 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, मई डिलीवरी वाली चांदी के वायदा कारोबार में भी भारी गिरावट देखी गई। यह 4,300 रुपये (1.7%) से अधिक गिरकर 2,55,101 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

इंटरनेशनल मार्केट में कीमतें
मध्य पूर्व में जारी युद्ध ने तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर लिया है। सप्ताहांत में हुए हमलों में तेल के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ गया है। इस भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर सोने की कीमतों पर देखने को मिला है। सिंगापुर में सुबह के कारोबार में स्पॉट गोल्ड 0.7 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,986.34 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी में 0.7 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 80.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। प्लैटिनम और पैलेडियम में भी गिरावट दर्ज की गई।

ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक कारोबार की शुरुआत में ही सोने की कीमतों में 1 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। यह लगातार दूसरा साप्ताहिक गिरावट है, जिसने सोने को 5,000 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे खींच लिया है।

ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों पर असर
सोने की कीमतों पर कुछ और फैक्टर काम कर रहे हैं। जैसे युद्ध के चलते बढ़ती ऊर्जा कीमतों और मुद्रास्फीति की आशंकाओं ने इस बात की संभावना लगभग समाप्त कर दी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व और अन्य केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में कटौती करेंगे। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल तब आया, जब अमेरिका ने ईरान के मुख्य तेल निर्यात केंद्र पर हमला किया और उसके जवाब में ईरान ने विभिन्न अरब देशों पर हमले किए।

चांदी की आयात आधार कीमत में बढ़ोतरी
वहीं, सरकार ने चांदी की आयात आधार कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। यह कीमत 20 डॉलर प्रति किलो बढ़ाकर 2,800 डॉलर से 2,820 डॉलर कर दी गई है। इस कदम से आयातित चांदी की लागत बढ़ सकती है और घरेलू बाजार में चांदी के दामों पर भी असर देखने को मिल सकता है। हालांकि बढ़त सीमित होने की वजह से ये असर भी सीमित रह सकता है। देश ने बीते साल अपनी विदेशी मुद्रा भंडार के करीब 10 फीसदी के बराबर का सोना और चांदी आयात किया था।

हाड़ोती क्षेत्र पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान करने में सक्षम: पर्यटन सचिव गुप्ता

कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया जाए: अशोक माहेश्वरी

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, सचिव रणविजय सिंह एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के आयोजन में सहयोग के लिए पर्यटन सचिव प्रवीण गुप्ता से भेंट कर उनका हार्दिक अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पर्यटन सचिव के साथ करीब 2 घंटे तक हाड़ोती के पर्यटन विकास पर गहनता से मंथन हुआ। पर्यटन सचिव गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट का आयोजन अभूतपूर्व एवं सफल रहा। पहली बार 26 राज्यों से आए करीब 1200 ट्यूर ऑपरेटरों एवं पर्यटन से जुड़े लोगों ने भाग लेकर एक नया इतिहास रचा।

इस सफल आयोजन के लिए उन्होंने कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हाड़ोती में पर्यटन स्थलों की भरमार है। इसके लिए पर्यटन विभाग जनसहभागिता से पूरी तरह सहयोग करने को तत्पर है।

पर्यटन विभाग जिस भी पर्यटन स्थलों में विकास की आवश्यकता है या खामियां है, उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने का पूरा प्रयास करेगा। उन्होंने बांरा में पर्यटन का कार्यालय खोला खोलने और कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल किए जाने का भी भरोसा दिलाया।

उन्होंने अगला कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट जनवरी 2027 में आयोजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर शीघ्र इस पर विचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा किए गए सार्थक प्रयास के सकारात्मक परिणाम भी आने लगे हैं। आने वाले समय में हाड़ोती का पर्यटन एक नई ऊंचाइयां छूएगा ।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने पर्यटन सचिव से कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार राजस्थान पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से किया जाए। साथ ही देश- विदेश में होने वाले ट्रैवल मार्ट में भी हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

माहेश्वरी ने कहा कि राज्य के कई संभागों में आयोजित महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया हुआ है, लेकिन कोटा महोत्सव को अभी तक स्थान नहीं मिल पाया है। कोटा महोत्सव को भी पर्यटन कैलेंडर में शामिल कर एक निर्धारित समय में इसे प्रतिवर्ष आयोजित किया जाए।

माहेश्वरी ने कहा कि केंद्रीय पर्यटन विभाग के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों के फेम टूर के माध्यम से वहां के टूर ऑपरेटर्स और पर्यटकों को हाड़ोती का भ्रमण करवाया जाएगा जिससे निश्चित ही हाड़ोती के पर्यटन विकास को और नई गति मिलेगी।

यात्रीगण कृपया ध्यान दें, काशगंज–मथुरा पैसेंजर ट्रैन गंगापुर सिटी तक बढ़ाई

कोटा। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा एवं त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 55335/55336 काशगंज–मथुरा पैसेंजर (प्रति दिवस) को 16 मार्च से 31 मार्च तक अस्थायी रूप से गंगापुर सिटी तक विस्तारित किया गया है।

इस निर्णय से कोटा मंडल के प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इस अस्थायी विस्तार के अंतर्गत यह गाड़ी भरतपुर जंक्शन, बयाना जंक्शन, हिंडौन सिटी, श्री महावीर जी एवं गंगापुर सिटी स्टेशनों पर ठहराव लेगी।

गाड़ी संख्या 55335 काशगंज–गंगापुर सिटी पैसेंजर (अस्थायी विस्तार)
यह गाड़ी काशगंज से प्रतिदिन 11:05 बजे प्रस्थान करेगी। मथुरा जंक्शन पर 14:20/15:30 बजे ठहराव के उपरांत यह भरतपुर जंक्शन (15:53/15:55), बयाना जंक्शन (16:23/16:25), हिंडौन सिटी (16:53/16:55) तथा श्री महावीर जी (17:05/17:07) स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सायं 18:20 बजे गंगापुर सिटी पहुँचेगी।

गाड़ी संख्या 55336 गंगापुर सिटी–काशगंज पैसेंजर (अस्थायी विस्तार)
वापसी में यह गाड़ी गंगापुर सिटी से प्रतिदिन 19:00 बजे प्रस्थान करेगी। मार्ग में श्री महावीर जी (19:23/19:25), हिंडौन सिटी (19:35/19:37), बयाना जंक्शन (20:03/20:05), भरतपुर जंक्शन (20:38/20:40) तथा मथुरा जंक्शन (22:10/22:15) स्टेशनों पर ठहराव के बाद यह रात्रि 00:30 बजे काशगंज पहुँचेगी।

इस अस्थायी विस्तार से स्थानीय एवं त्योहारी यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा।