होंडा सिटी 2023 कॉम्पैक्ट सेडान भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स

0
204

नई दिल्ली। होंडा कंपनी ने न्यू जनरेशन सिटी कॉम्पैक्ट सेडान भारत में लॉन्च कर दी है। जापानी ऑटो दिग्गज ने नई सिटी को इसके डिजाइन, फीचर्स और पावरट्रेन में बदलाव के साथ अपडेट किया है। यह 2020 के बाद से भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान का पहला बड़ा फेसलिफ्ट मॉडल है।

Honda City 2023 को चार वैरिएंट्स में पेश किया जाएगा, जिसमें SV, V, VX और ZX शामिल हैं। होंडा ने नई सिटी की कीमत पेट्रोल वैरिएंट के लिए 11.49 लाख रुपये से लेकर 15.97 लाख रुपये तक रखी है। वहीं, City e:HEV फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत 18.89 लाख रुपये से शुरू होती है और 20.39 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

सेफ्टी फीचर्स के लिहाज से इसमें बड़ा बदलाव किया गया है। होंडा सेंसिंग तकनीक का इस्तेमाल कर नई होंडा सिटी में कंपनी ने एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम (एडीएएस) की शुरुआत की है। इसके अलावा यह पिछले साल सेडान के स्ट्रांग हाइब्रिड वर्जन में पेश किए गए मॉडल जैसा ही है। इसके अलावा इसमें अडॉप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट जैसे अन्य सेफ्टी फीचर्स देखने को मिलेंगे। ग्राहकों की सेफ्टी के लिए इसका ADAS फीचर काफी बड़ा अपडेट है।

अपनी नई जेनरेशन में होंडा सिटी 2023 को बाहर की तरफ कुछ कॉस्मेटिक अपडेट मिलते हैं। फ्रंट में मोटा क्रोम बार अब काफी स्लिम कर दिया गया है। अब इसमें हनीकॉम्ब पैटर्न वाली बड़ी ग्रिल देखने को मिलती है। आगे के बंपर भी बदले गए हैं, जबकि एलईडी हेडलाइट यूनिट पिछले साल लॉन्च किए गए स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वैरिएंट के समान ही हैं।

16 इंच के अलॉय व्हील्स: नई होंडा सिटी का प्रोफाइल भी पुराने मॉडल जैसा ही है। हालांकि, यहां सबसे ज्यादा ध्यान देने वाली बात यह है कि इसमें नए डिजाइन वाले 16 इंच के अलॉय व्हील्स हैं। होंडा 15 इंच के छोटे मैटालिक व्हील्स भी पेश करेगी। इसके रियर में होंडा ने बंपर के डिजाइन को अपडेट किया है। होंडा ने नई जेनरेशन कार को एक नए ब्लू एक्सटीरियर कलर थीम के साथ पेश किया है, जिसे ओब्सीडन ब्लू पर्ल कहा जाता है।

1.5-लीटर डीजल यूनिट बंद: होंडा ने सख्त BS6 फेज-2 एमिशन नॉर्म्स का पालन करने के लिए अपनी लोकप्रिय 1.5-लीटर डीजल यूनिट को बंद कर दिया है। यह अपने 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन को जारी रख रही है, जो अब E20 इथेनॉल-मिक्स्ड फ्यूल से चलने में सक्षम होगी। यह अधिकतम 121 hp की पावर और 145 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। इंजन 6-स्पीड मैनुअल या सीवीटी गियरबॉक्स के साथ आएगा। होंडा सिटी का पेट्रोल मैनुअल वैरिएंट 17.8 kmpl और ऑटोमैटिक वैरिएंट 18.4 kmpl का माइलेज देने में सक्षम होगा।

27.13 kmpl का माइलेज: होंडा सिटी को 1.5-लीटर एटकिंसन साइकिल हाइब्रिड इंजन के साथ भी पेश किया जाएगा, जो 126 hp की पावर और 256 Nm का पीक टॉर्क पैदा करने में सक्षम हो सकता है। इंजन एक ई-सीवीटी गियरबॉक्स से जुड़ा होगा और 27.13 kmpl का माइलेज देने में सक्षम होगा।

किससे मुकाबला: होंडा सिटी 2023 भारतीय बाजार में मौजूद मारुति सुजुकी सियाज के साथ-साथ अपकमिंग Hyundai Verna 2023 को कड़ी टक्कर देगी, जो 21 मार्च को लॉन्च होगी। इन दोनों के अलावा कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट की नई सिटी Volkswagen Virtus और Skoda Slavia को टक्कर देगी।।