हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी पहचान

0
25

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन एवं इंडिया आउट्टाबॉक्स के बीच एमओयू

कोटा। हाड़ौती को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन एवं देश की प्रतिष्ठित ट्रेवल कंपनी इंडिया आउट्टाबॉक्स प्रा. लि. के मध्य सोमवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) किया गया है।

इस समझौते के तहत हाड़ौती क्षेत्र में नियमित रूप से फेम (Familiarization) टूर आयोजित किए जाएंगे तथा कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ को शामिल करते हुए आकर्षक पर्यटन पैकेज एवं विस्तृत आइटनरी तैयार की जाएगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि एमओयू के तहत पहला तीन दिवसीय फेम टूर 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें देश के 11 राज्यों से 60 से अधिक ट्रेवल एजेंट भाग लेकर कोटा एवं बूंदी सहित हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस पहल की शुरुआत के रूप में 18 एवं 19 जुलाई को राजस्थान के विभिन्न संभागों से आए 30 सदस्यीय टूर ऑपरेटर दल का कोटा में भव्य स्वागत एवं आतिथ्य सत्कार किया गया। दल को चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित अनेक पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। चंबल सफारी के दौरान पर्यटकों ने मगरमच्छ, भालू, लेपर्ड सहित अनेक वन्यजीवों को देखा, वहीं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बाघ की मूवमेंट देखने का अवसर मिलने से सभी टूर ऑपरेटर अत्यंत उत्साहित एवं अभिभूत हुए।

इस अवसर पर आरटीएफ फेम-2 (Rajasthan Travel Fair Familiarization Tour) के आयोजक एवं इंडिया आउट्टाबॉक्स प्रा. लि. के सीईओ विनी विलियम्स एवं सहायक पूजा कनोजिया ने कहा कि राजस्थान सदैव देश के पर्यटन क्षेत्र में अग्रणी रहा है, लेकिन हाड़ौती जैसे अनेक सुंदर पर्यटन क्षेत्र अभी भी अपनी वास्तविक पर्यटन क्षमता के अनुरूप पहचान प्राप्त नहीं कर सके हैं।

आरटीएफ फेम-2 का उद्देश्य ट्रेवल एजेंट्स को इन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है, ताकि वे अपने ग्राहकों के लिए आकर्षक पर्यटन पैकेज तैयार कर सकें और हाड़ौती को देशभर में एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि 5 से 7 अगस्त तक आयोजित होने वाले फेम टूर के दौरान ट्रेवल एजेंट क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, वन्यजीवन एवं आतिथ्य का अनुभव लेने के साथ-साथ स्थानीय होटल उद्योग से भी नेटवर्किंग करेंगे। भविष्य में राजस्थान के सभी संभागों तथा अन्य राज्यों के ट्रेवल एजेंट्स के लिए भी इसी प्रकार चरणबद्ध तरीके से फेम टूर आयोजित किए जाएंगे।

विनी विलियम्स ने बताया कि कंपनी द्वारा हाड़ौती के लिए तीन दिवसीय तथा पांच दिवसीय विशेष पर्यटन आइटनरी तैयार की जा रही है। तीन दिवसीय पैकेज में कोटा एवं बूंदी, जबकि पांच दिवसीय पैकेज में कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस फेम टूर में संजय स्टूडियो, जोधपुर के अशोक कनोजिया तथा कलर्स ऑफ इंडिया, दिल्ली के अमन सैनी भी सक्रिय सहयोगी के रूप में शामिल रहेंगे।

कंपनी पिछले 20 वर्षों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रेवल एजेंट्स के साथ राजस्थान के विभिन्न संभागों में फेम टूर आयोजित करती आ रही है और पहली बार होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के सहयोग से हाड़ौती क्षेत्र में इस प्रकार का व्यापक आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में उनकी टीम ने चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, किशोर सागर, रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, तारागढ़ दुर्ग, नवल सागर, गढ़ पैलेस एवं चंबल सफारी सहित अनेक पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। हाड़ौती प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवन, ऐतिहासिक धरोहर एवं आधुनिक पर्यटन अवसंरचना के दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध क्षेत्र है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रभावी मार्केटिंग एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से आगामी एक वर्ष में हाड़ौती को देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सकता है। कोटा सभांग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि इंडिया आउट्टाबॉक्स प्रा. लि. के साथ हुए इस एमओयू से हाड़ौती पर्यटन को नई दिशा मिलेगी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का प्रभावी प्रचार-प्रसार संभव होगा। होटल फेडरेशन द्वारा 5 से 7 अगस्त के फेम टूर की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान कंपनी की टीम को हाड़ौती की संपूर्ण पर्यटन अवसंरचना से अवगत कराया गया। टीम ने क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए पर्यटन विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।