सेंसेक्स 459 अंक बढ़कर 58,253 पर बंद, मार्केट कैप 264 लाख करोड़ के पार

369

मुंबई। शेयर बाजार हफ्ते, महीने और साल के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को तेजी के साथ बंद हुआ । बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 459 अंक (0.80%) उछलकर 58,253 पर बंद हुआ। निवेशकों को ढाई लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।

स्टॉक एक्सचेंज पर CMS इंफोसिस्टम के शेयर्स की लिस्टिंग में निवेशकों को निराशा हाथ लगी। इसका शेयर 220 रुपए पर लिस्ट हुआ जबकि इश्यू में भाव 216 रुपए था। इसने 1100 करोड़ रुपए बाजार से जुटाए थे। हालांकि लिस्टिंग के बाद यह स्टॉक 15% बढ़कर 252 रुपए पर पहुंच गया। अंत में यह 8.65% बढ़कर 237 रुपए पर बंद हुआ।

सेंसेक्स कल की तुलना में आज 55 अंक ऊपर 57,849 पर खुला था। पहले ही मिनट में इसने 58 हजार के आंकड़े को पार कर लिया। दिन में इसने 58,409 का ऊपरी स्तर जबकि 57,846 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल 4 स्टॉक गिरावट में और 26 शेयर बढ़त में बंद हुए। बढ़ने वाले शेयर्स में टाइटन, एयरटेल, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व हैं।

एशियन पेंट्स, मारुति भी बढ़त में
इनके अलावा एशियन पेंट्स, ICICI बैंक, मारुति, रिलायंस और SBI के शेयर भी बढ़त में हैं। गिरने वाले स्टॉक में डॉ. रेड्‌डी, टेक महिंद्रा के साथ NTPC हैं। सेंसेक्स में 712 स्टॉक अपर सर्किट और 107 लोअर सर्किट में रहे। सर्किट का मतलब एक दिन में किसी स्टॉक में इससे ज्यादा गिरावट या बढ़त नहीं हो सकती है।

मार्केट कैप 264 लाख करोड़ के पार
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 265.96 लाख करोड़ रुपए रहा। कल यह 263.27 लाख करोड़ रुपए था। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 150 अंकों की बढ़त के साथ 17,354 पर बंद हुआ। दिन में इसने 17,400 का ऊपरी स्तर और 17,238 का निचला स्तर बनाया।

निफ्टी के 50 स्टॉक में से 45 बढ़त में और 10 गिरावट में हैँ। बढ़ने वाले स्टॉक में हिंडालको, टाइटन, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स और कोटक बैंक हैं। गिरने वाले शेयर में NTPC, टेक महिंद्रा, सिप्ला, एसबीआई लाइफ हैं। इसके नेक्स्ट 50, मिड कैप, बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए।