सिटी गैस : अदाणी ग्रुप ने सबसे ज्यादा 52 शहरों के लिए बोली पेश की

1232

नई दिल्ली/ कोटा। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) के लिए अदाणी ग्रुप 52 शहरों के लिए बोली लगाकर टॉप बिडर के रूप में उभरा है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन लाइसेंस के लिए देश की अब तक की सबसे बड़ी बिडिंग का मंगलवार को अंतिम दिन था। दो दिन बाद टेक्निकल बिड खुलेंगी। 22 राज्यों के 174 जिलों में सीएनजी और पाइप्ड कुकिंग गैस की बिक्री के 86 लाइसेंस दिए जाने हैं ।

इसके लिए 400 से ज्यादा बोलियां मिली हैं। लाइसेंस अक्टूबर में दिए जाएंगे। इनके माध्यम से 70,000 करोड़ रुपए का निवेश होने की उम्मीद है।  अदाणी गैस ने 32 शहरों के लिए खुद और अन्य 20 शहरों के लिए इंडियन ऑयल के साथ बराबरी वाले संयुक्त उद्यम के जरिए बोली लगाई है। सरकारी कंपनी गेल इंडिया की गैस डिस्ट्रीब्यूशन आर्म गेल गैस लिमिटेड ने 30 शहरों के लिए बोली दी है।

ब्रिटिश कंपनी बीपी और रिलायंस इंडस्ट्रीज का बराबरी वाला संयुक्त उद्यम इंडिया गैस सॉल्यूशन भी 15 शहरों में लाइसेंस लेने का इच्छुक था। लेकिन आखिरी क्षणों में इसने अपने हाथ खींच लिए।  एनसीआर में सीएनजी बेचने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने 13 शहरों के लिए बोली दी है। एस्सेल इन्फ्राप्रोजेक्ट्स ने सात बिड पेश की है।

गेल की अन्य सहयोगी कंपनी महानगर गैस लिमिटेड और गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (जीएसपीसी) ने भी लाइसेंस के लिए बोली पेश की है।  पेट्रोलियम एंड नैचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने सीजीडी के नौवें बिडिंग राउंड में एक-दूसरे से सटे जिलों को मिलाकर 86 क्षेत्र तय किए हैं। इसमें देश का 24% इलाका और लगभग 29% आबादी कवर होती है। रिलायंस आखिरी क्षणों में बाहर हुई, 22 राज्यों में 86 लाइसेंस दिए जाएंगे

इन प्रमुख शहरों के लिए लाइसेंस की पेशकश :
मध्य प्रदेश : भोपाल-राजगढ़, गुना, रीवा, सतना-शहडोल
महाराष्ट्र : नासिक, धुले, सांगली
पंजाब : पटियाला, जालंधर, संगरूर
राजस्थान : बाड़मेर, अलवर, कोटा
बिहार : गया, नालंदा, बेगूसराय
हरियाणा: भिवानी, सोनीपत, झज्जर
झारखंंड : बोकारो, धनबाद, गिरिडीह
गुजरात: सुरेंद्र नगर, पोरबंदर