व्यापार महासंघ की 170 संस्थाएं टेंट-डेकोर व अनंत ऊर्जा एक्सपो में निभाएंगी भागीदारी

0
17

कोटा। शहर में 6 से 8 सितंबर तक दशहरा मैदान में होने वाले टेन्ट व्यवसायियों के 16वें प्रांतीय महाधिवेशन, टेन्ट एंड डेकोर एवं अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो को लेकर गुरुवार को कोटा व्यापार महासंघ की 170 सदस्यीय संस्थाओं के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की बैठक आयोजित हुई।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि व्यापारिक संस्थाओं का दायित्व केवल अपने व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन के प्रमोशन के लिए भी सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोटा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इस प्रकार का आयोजन हो रहा है, जो पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि करीब 24 वर्षों बाद कोटा को इस तरह के बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में कोटा में विभिन्न बड़े आयोजनों के माध्यम से व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को नई गति मिली है। इसके सकारात्मक परिणाम भी अब दिखाई देने लगे हैं। ऐसे आयोजनों से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, बाजार एवं अन्य व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। हाडोती के व्यापार एवं पर्यटन को नई गति मिलती है।

महासंघ के उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने कहा कि पिछले दो वर्षों से कोटा के विकास एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणाम अब सामने आने लगे हैं। कोटा में बड़ी संख्या में पर्यटक आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व आने वाले समय में पर्यटकों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

कोटा मोटर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भाटिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों में दो बार कोटा महोत्सव का आयोजन हुआ, जिससे कोटा के पर्यटन विकास को नई दिशा मिली यही।

कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट के आयोजन के बाद कोटा राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है। इसके पीछे कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं एवं उनसे जुड़े करीब दो लाख व्यापारियों का एकजुट सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

राजस्थान टेन्ट किराया व्यवसायी समिति के संरक्षक पर्वत सिंह भाटी ने कहा कि उन्होंने देश के कई स्थानों पर टेन्ट व्यवसायियों के अधिवेशन देखे और आयोजित करवाए हैं, लेकिन कोटा व्यापार महासंघ की ओर से जिस प्रकार का सहयोग और वातावरण मिला है, वह बेमिसाल है।

कोटा टेन्ट डीलर समिति के अध्यक्ष सोरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल,, आयोजन सलाहकार राजेन्द्र सिंह राजावत, सचिव गुरमित सिंह सन्नी, उपाध्यक्ष रईस कोषाध्यक्ष मोहर मन सिह एवं आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा एवं सहयोग से आयोजित यह महाधिवेशन देश के अन्य आयोजनों से अलग और ऐतिहासिक बनने जा रहा है।

अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो के TPN के संयोजक जितेंद्र गोयल ने सभी व्यापारिक एवं औद्योगिक संस्थाओं के पदाधिकारियों से एक्सपो में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों ने एकमत होकर 16वें प्रांतीय महाधिवेशन, टेन्ट एंड डेकोर एक्सपो एवं अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो में पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्णय लिया। सभी पदाधिकारियों ने कहा कि वे अपनी-अपनी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आयोजन में आमंत्रित कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।