वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट लंदन में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का होगा अंतरराष्ट्रीय प्रचार

0
30

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की टीम लंदन के लिए रवाना

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने एवं विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से लंदन में 3 से 5 नवंबर तक होने वाले वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में भागीदारी निभाई जाएगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि इस आयोजन में भाग लेने के लिए होटल फेडरेशन की टीम कोटा से मुंबई के लिए रवाना हुई है। टीम 1 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन के लिए प्रस्थान करेगी।

इस टीम का नेतृत्व होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा करेंगे, जो पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। कोटा से रवाना होने वाली टीम में होटल फेडरेशन के महासचिव संदीप पाडिया, रागिनी, मन केजरीवाल एवं नितिन गोयल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि लंदन के एक्सेल कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट में होटल फेडरेशन द्वारा विशेष स्टॉल बुक करवाया गया है, जहां हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी, प्रचार सामग्री एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से विदेशी पर्यटकों, टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स को आकर्षित किया जाएगा।

वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती पर्यटन को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने के लिए तैयार की गई अंग्रेजी प्रचार-प्रसार सामग्री एवं डॉक्यूमेंट्री का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर होटल फेडरेशन के कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सलाहकार अनिल मुंदड़ा, गणपतलाल शर्मा, अभिनव चतुर्वेदी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

माहेश्वरी ने बताया कि वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में राजस्थान के पर्यटन स्थलों की प्रदर्शनी एवं रोड शो का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन के प्रयासों से पहली बार हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पयर्टन आयोजन में व्यापक रूप से प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट में 50 से अधिक देशों के पर्यटन प्रतिनिधि, टूर ऑपरेटर्स, अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल एजेंट्स, यूरोपीय टूर ऑपरेटर्स एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। इन सभी को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की प्रचार सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे अपने देशों में हाड़ौती पर्यटन का प्रचार कर सकें और विदेशी पर्यटकों को कोटा एवं हाड़ौती भ्रमण के लिए प्रेरित कर सकें।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के सभी सदस्यों ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की दीपावली के बाद ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू करने तथा अभ्यारण्य के नए जोन मे भ्रमण का शुभारंभ किए जाने के निर्णय का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था तथा नए रोड की सुविधा से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी। साथ ही मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन सर्किट से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। यह निर्णय हाड़ौती के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।