आवासन मंडल स्कूल में संविधान की जानकारी से विद्यार्थियों को किया जागरूक
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से आयोजित होने वाली परीक्षा “अपने संविधान को जाने” के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता एवं रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, कोटा में विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में विद्यालय की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों से भारतीय संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई तथा सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक कार्यालय, कोटा से परीक्षा के समन्वयक दिग्दर्शन सिंह ने विद्यार्थियों को परीक्षा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि “अपने संविधान को जाने” परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र-छात्राओं के तीन अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से संसद भ्रमण करवाया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा भारतीय संविधान के प्रति अपनी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की केवाईसी प्रभारी सुमन गुप्ता ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित जानकारी देने के साथ ही भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया तथा परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्रथम सहायक मुकेश कुमार कसाना ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक के कुल 121 छात्र-छात्राओं का परीक्षा के लिए पंजीयन करवाया जा चुका है। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए प्रतिदिन प्रार्थना सभा में संविधान से संबंधित पांच प्रश्न पूछे जाते हैं। इस नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों को संविधान की महत्वपूर्ण जानकारियां रोचक तरीके से सीखने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम त्रिपाठी ने इस पहल को विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर शिक्षक प्रकाश जायसवाल, मधु मोदी, रश्मि अग्रवाल, ममता, मनीषा शर्मा, गीता शर्मा, सुनीता भाटी एवं अनीता शर्मा उपस्थित रहीं।

