सकतपुरा 220 केवी जीएसएस में 20.94 करोड़ के आधुनिक पावर ट्रांसफार्मर का लोकार्पण
कोटा। Surplus Energy State Rajasthan: राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मंगलवार को कोटा के सकतपुरा स्थित 55 वर्ष पुराने ऐतिहासिक 220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन पर 20.94 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित 220/132 केवी, 200 एमवीए क्षमता के नवीन पावर ट्रांसफार्मर का विधिवत लोकार्पण किया।
इस नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से सब-स्टेशन की कुल क्षमता 460 एमवीए से बढ़कर 560 एमवीए हो गई है। जिससे भीषण गर्मी के पीक लोड के दौरान भी क्षेत्र में बिना किसी ट्रिपिंग के निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार साल 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन के समय दो ब्लॉक में पर्याप्त बिजली देने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
वर्तमान में 26 जिलों में यह व्यवस्था लागू है। उन्होंने बताया कि राज्य के विद्युत प्रसारण और वितरण तंत्र को आधुनिक बनाने के लिए सरकार 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर रही है।
पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के 5 वर्षों में मात्र 44 जीएसएस बने थे। जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने महज 2 साल में 61 जीएसएस का निर्माण पूर्ण कर लिया है।
इसके अलावा 150 जीएसएस पर काम प्रगति पर है और 200 नए जीएसएस और बनाए जाएंगे। वितरण तंत्र को मजबूत करने के लिए 400 जीएसएस तैयार हो चुके हैं।
भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान जल्द ही देश में सोलर एनर्जी का सबसे बड़ा हब बनेगा। दिन के समय व्यर्थ जाने वाली सौर ऊर्जा को सहेजने के लिए ग्रिड स्तर पर ‘बैटरी स्टोरेज सिस्टम’ स्थापित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सकतपुरा जीएसएस को 250 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 125 मेगावाट के महत्वाकांक्षी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 262 स्थानों पर 592 नए चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर एसई सुनील श्रौत्रीय, एसई शिवचरण जांगिड़, एसई (सिविल) परम सुखलाल और एक्सईएन चित्तौड़ा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

