भारत में सबसे ज्यादा फायदा कमाने वाली कंपनी बनी ONGC, रिलायंस को पीछे छोड़ा

313

नई दिल्ली। सरकारी कंपनी ऑइल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) ने रिकॉर्ड हासिल किया है। देश में किसी एक तिमाही में सबसे ज्यादा फायदा कमाने वाली कंपनी बन गई है। इसने सितंबर तिमाही में 18,347.73 करोड़ रुपए का फायदा कमाया है।

अभी तक किसी एक तिमाही में सबसे ज्यादा फायदा कमाने का रिकॉर्ड भी सरकारी कंपनी इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन के नाम था। इस कंपनी ने मार्च 2013 की तिमाही में 14,513 करोड़ रुपए का फायदा कमाया था। हालांकि टाटा स्टील ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा और उसने मार्च 2018 में 14,688 करोड़ रुपए का फायदा कमाया था।

इससे पहले सरकारी कंपनी कोल इंडिया ने मार्च 2016 की तिमाही में 14,189 करोड़ रुपए का फायदा कमाया था। जबकि निजी सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने सितंबर 2021 की तिमाही में 13,680 करोड़ रुपए का फायदा कमाया था। इस आंकड़े में टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज की सभी कंपनियों का फायदा शामिल है। जबकि ONGC ने अकेले 18,348 करोड़ रुपए का फायदा कमाया है। ONGC की अन्य कंपनियों के फायदे को मिला दें तो यह आंकड़ा 18,749 करोड़ रुपए हो जाता है।

110% का लाभांश देगी ONGC
ONGC ने इसी के साथ 110% का लाभांश (डिविडेंड) भी देने की घोषणा की है। यानी प्रति शेयर 5.50 रुपए का लाभांश कंपनी देगी। शुक्रवार को इसका शेयर 154 रुपए के ऊपर बंद हुआ था। एक साल पहले जुलाई-सितंबर की तिमाही में कंपनी को 2,757.77 करोड़ रुपए का लाभ हुआ था। उसकी तुलना में इस बार सितंबर तिमाही में फायदा 5.65 गुना बढ़ा है। वित्तवर्ष 2020-21 (अप्रैल 2019 से मार्च 2020) के पूरे साल में केवल 11,246 करोड़ रुपए का फायदा कमाया था। चालू वित्तवर्ष यानी अप्रैल से लेकर सितंबर की बात करें तो छमाही में इसे 22,682 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।