भारत को विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनाने का लक्ष्य: पीएम मोदी

0
164

हुबली (कर्नाटक)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका लक्ष्य भारत को विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है और इस आर्थिक विकास से युवाओं के लिए असंख्य अवसर पैदा होंगे।.

यहां राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने युवाओं को भारत की यात्रा का ‘‘प्रेरक शक्ति’’ बताया और कहा कि उनके सपने व उनकी आकांक्षाएं अगले 25 साल में भारत की मंजिल तय करेंगी।

देश की यह आर्थिक वृद्धि हमारे युवाओं के लिए अपार अवसर लाएगी। पीएम ने कहा कि आज हम कृषि में अग्रणी वैश्विक शक्ति हैं। कृषि क्षेत्र में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से एक नई क्रांति आने वाली है। यह युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा, नई ऊंचाइयों को छूने का एक नया मार्ग प्रशस्त करेगा।

राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2023 में पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों में भी भारत बड़ी वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह भारत के युवाओं की क्षमता के कारण संभव हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि युवा शक्ति का दोहन करने के लिए हमें अपने विचारों से युवा होना होगा। युवा होना हमारे प्रयासों में गतिशील होना है। युवा होना हमारे परिप्रेक्ष्य में मनोरम होना है। युवा होना व्यावहारिक होना है। अगर दुनिया समाधान के लिए हमारी ओर देखती है, तो यह हमारी अमृत पीढ़ी के समर्पण के कारण है।

युवा शक्ति भारत की यात्रा की प्रेरक शक्ति है। अगले 25 साल राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं। युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करते हैं। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती हैं। युवा शक्ति का जुनून भारत की शक्ति तय करता है।

भारत के हर हिस्से में हमारे युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के अविश्वसनीय उदाहरण हैं। आज भी, गणित से लेकर विज्ञान तक, जब वैश्विक मंचों पर प्रतियोगिताएं होती हैं, तो भारतीय युवाओं की प्रतिभा दुनिया को चकित करती है।

PM मोदी ने कहा कि हर मिशन के लिए बुनियाद की जरूरत होती है, चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट अप, कौशल विकास हो या डिजिटलाइजेशन हर क्षेत्र में एक मजबूत बुनियाद पिछले 8-9 साल में रखी गई है। आपकी उड़ान के लिए रनवे तैयार है।

उन्होंने महिला शक्ति के बारे में कहा कि भारत की महिलाएं आज लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। सेना में जुझारू भूमिकाएं निभा रही हैं। विज्ञान-प्रोद्योगिकी, अंतरिक्ष, खेल, ऐसे हर क्षेत्र में महिलाएं बुलंदियां छू रही हैं। ये उद्घोष है कि भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है।