बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 1040 अंक गिरा, निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपये डूबे

0
277

नई दिल्ली। दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी बिकवाली दिख रही है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार में भी दिख रहा है। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) में करीब 950 अंक की गिरावट आई है जबकि एनएसई का निफ्टी (Nifty) भी करीब 350 अंक गिरा है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries), एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी (HDFC Twins), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और टाटा कंसल्टैंसी सर्विसेज (TCS) जैसी दिग्गज कंपनियों में भारी गिरावट आई।

सुबह 11.15 बजे सेंसेक्स 1040.1 यानी 1.79 फीसदी गिरावट के साथ 57,058.82 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 346.10 अंक यानी दो फीसदी की गिरावट के साथ 16,981.25 अंक पर था। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप सात लाख करोड़ रुपये घटकर 269.86 लाख करोड़ रुपये रह गया।

इससे पहले कमजोर वैश्विक रूझानों और विदेशी कोषों की निकासी के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में करीब 817 अंक टूट गया। इस दौरान सभी प्रमुख सूचकांकों में गिरावट हुई। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में इसमें गिरावट आई है।

सेंसेक्स में पावर ग्रिड, टाटा स्टील, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक और टाइटन गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुक्रवार को सेंसेक्स 1,020.80 अंक या 1.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,098.92 पर बंद हुआ था। निफ्टी 302.45 अंक या 1.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,327.35 पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.59 फीसदी की गिरावट के साथ 85.64 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,899.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।