बजट 2019 : सोना, काजू और एसी होंगे महंगे, सीमा शुल्क बढ़ाया

1442

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट में मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। इसमें विदेशों से आने वाले सामान पर सीमा शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला भी शामिल है। हालांकि, इस फैसले से विदेशी सामान की कीमत बढ़ जाएंगी।

वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में सोना बेशकीमती धातु पर सीमा शुल्क में 2.5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इन वस्तुओं पर सीमा शुल्क बढ़कर 12.5 फीसदी हो गया है। आयातित काजू या काजू गिरी, रसायन, प्लास्टिक और रबर पर सीमा शुल्क को बढ़ाकर 70 फीसदी किया गया है।

आयातित प्लास्टिक फ्लोर कवर, प्लास्टिक की वॉल या सीलिंग कवर पर सीमा शुल्क को 10 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी किया गया है। प्लास्टिक की सभी आयातित वस्तुओं पर सीमा शुल्क 10 से बढ़ाकर 15 फीसदी किया गया है। घरेलू प्रकाशकों को बढ़ावा देने के लिए आयातित किताबों पर 5 फीसदी का सीमा शुल्क लगाया गया है।

स्प्लिट एसी पर आयात शुल्क बढ़ाकर 10 से 20 फीसदी किया गया है। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरा, वीडियो कैमरा, लाउड स्पीकर, ऑप्टिकल फाइबर केबल, चुनिंदा ऑटो पार्ट, टाइल, मेटल फिटिंग, चुनिंदा सिंथेटिक रबर पर सीमा शुल्क में बढ़ोतरी की गई है।

इन सामानों पर सीमा शुल्क घटाया
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद संबंधी सामान बनाने में इस्तेमाल होने वाली फोम, पाइन की लकड़ी पर लगने वाले सीमा शुल्क को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। इसके अलावा सेना संबंधी उपकरण या रक्षा मंत्रालय की ओर से की जाने वाली खरीद पर लगने वाले सीमा शुल्क को भी हटा दिया गया है।