नई Bajaj Pulsar 125 धांसू लुक के साथ 12 अगस्त को होगी लॉन्च, जानिए फीचर्स

0
6

नई दिल्ली। Bajaj Classic Pulsar 125 bike: नई बजाज पल्सर की एंट्री होने वाली है। बजाज ऑटो ने हाल ही में कन्फर्म किया था कि वह 12 अगस्त को अपनी Classic Pulsar रेंज को बड़े अपडेट के साथ लाने वाला है। अब लॉन्च से पहले नई जनरेशन Bajaj Pulsar 125 के फोटोज डीलरशिप से ऑनलाइन लीक हो गई हैं।

इन फोटोज को रशलेन ने शेयर किया है। इन तस्वीरों में बाइक पहली बार साफ तौर पर नजर आई है और इससे इसके डिजाइन के साथ-साथ मैकेनिकल बदलावों की भी काफी जानकारी मिलती है।

मोनोशॉक सस्पेंशन
नई पल्सर 125 को इस साल की शुरुआत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। अब सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि बाइक को काफी हद तक नए प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें नया फ्रेम देखने को मिल सकता है, जो मौजूदा पल्सर 125 में इस्तेमाल होने वाले डबल-क्रैडल चेसिस की जगह सिंगल-डाउनट्यूब सेटअप पर बेस्ड हो सकता है।

बाइक में सबसे बड़ा बदलाव रियर सस्पेंशन को लेकर है। नई पल्सर 125 में रियर मोनोशॉक दिया गया है, जबकि मौजूदा क्लासिक पल्सर मॉडल्स में पिछले दो दशकों से ट्विन शॉक एब्जॉर्बर का इस्तेमाल होता रहा है। फ्रंट में पहले की तरह कन्वेंशनल टेलीस्कोपिक फोर्क दिया गया है।

डिस्क ब्रेक
नई पल्सर 125 में 17-इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं, जिनका डिजाइन मौजूदा पल्सर 125 और पल्सर N125 से मिलता-जुलता नजर आता है। इनमें MRF के टायर दिए जा सकते हैं। ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में डिस्क और रियर में ड्रम ब्रेक दिया गया है। लीक हुई बाइक सिंगल-सीट कॉन्फिगरेशन में दिखाई दी है। हालांकि, बजाज बाद में इसका स्प्लिट-सीट वेरिएंट भी पेश कर सकता है। गियर लीवर में भी बदलाव देखने को मिलेगा। नई बाइक में सिर्फ टो-ऑपरेटेड शिफ्टर दिया गया है, जबकि पुराने पल्सर मॉडल्स में हील वाला हिस्सा भी मिलता था।

नया इंजन
नई पल्सर 125 में नए इंजन ऑफर किया जा सकता है। शेयर किए गए फोटो के अनुसार बाइक की इंजन केसिंग मौजूदा मॉडल से अलग है। जबकि, एग्जॉस्ट हेडर की रूटिंग में भी बदलाव किया गया है। इस वक्त मार्केट में मौजूद पल्सर 125 में 124.4cc सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 8,500rpm पर 11.8hp की पावर और 6,500rpm पर 10.8Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। नई बाइक के इंजन की पावर और टॉर्क डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं।

मॉडर्न टच
डिजाइन के मामले में कंपनी ने पल्सर की पहचान को बरकरार रखा है, लेकिन इसमें कई नए एलिमेंट्स जोड़े गए हैं। फ्यूल टैंक और टैंक श्राउड का बेसिक डिजाइन मौजूदा बाइक जैसा है। जबकि, साइड पैनल को पूरी तरह नया डिजाइन दिया गया है। रियर सेक्शन भी पहले की तुलना में ज्यादा स्लिम दिखाई देता है। बाइक में हैलोजन इंडिकेटर्स दिए गए हैं। सबसे बड़ा मॉडर्न अपडेट इसका कलर LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है।

इतनी हो सकती है कीमत
नई पल्सर 125 की कीमत का ऐलान 12 अगस्त को किया जाएगा। नए प्लेटफॉर्म, मोनोशॉक, अपडेटेड इंजन और नए फीचर्स को देखते हुए इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है। मौजूदा पल्सर 125 की बात करें, तो इसकी शुरुआती कीमत 92,341 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।