धोखा देने वाले भी एक दिन धोखा खाते हैं: आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी

778

कोटा। आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी ने प्रवचन करते हुए कहा कि माया बड़ी खतरनाक है, जो मनुष्य के जीवन को अन्दर से खोखला कर देती है। ऊपर से मीठी और अंदर से झूठी होती है। आर्जव धर्म कहता है भीतर बाहर से एक हो जाओ। हम अगर दूसरों को धोखा देकर अपना काम सिद्ध करना चाहते हैं, तो यह मत भूलो कि तुम को भी एक दिन धोखा जरूर मिलेगा।

संसार में धोखा खाना बुरी बात नहीं है, मगर दूसरों को धोखा देना बुरी बात है। आज का धर्म यही कहता है कि मायाचारी को छोड़कर सत्य की सरल जिन्दगी जियो। गिरगिट की तरह रंग बदलने की आदत बुरी है। मन वाणी और शरीर को एक कर के भजन पूजन और गुरुओं की सेवा करो।

शहर के महावीर नगर विस्तार स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर मे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माता जी संघ के सानिध्य में चल रहे पर्यूषण महापर्व के दौरान भगवान आदिनाथ की नित्यपूजा एवं अभिषेक किया गया। पीत वस्त्रधारी श्रद्धालुओं ने भगवान का अभिषेक किया।

दशलक्षण पर्व के तीसरे दिन आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी के निर्देशन में नित्य नियम की पूजा एवं दशलक्षण धर्म की पूजा की गई। मतावलंबियों ने उत्तम आर्जव धर्म को अंगीकार किया। महामंडल विधान की पूजा, शांतिपाठ, जिन सहस्रनाम पूजन संगीत की मधुर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिपूर्वक पूर्ण किया। विधान की कई प्रकार की पूजा की गई। उन्होंने तत्वार्थ सूत्र की वाचना की।

डाॅ. सीमा दफ्तरी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
पर्यूषण पर्व पर जैन सोशल ग्रुप कोटा की ओर से गुरूवार को अकलंक स्कूल में जैन भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में जयपुर की प्रख्यात गायिका डाॅ. सीमा दफ्तरी ने भजनों की सरिता बहाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदनलाल पाटौदी थे। गायिका डाॅ. सीमा दफ्तरी ने एक से बढकर एक भजनों की प्रस्तुति देते हुए श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

उन्होंने ‘‘वो कौन है जिसने हमको दी पहचान…. कोई और नहीं वो आदिनाथ भगवान है…. मेरे मन में पारसनाथ…. जबसे मुझे तेरा दरबार मिला है…प्यार मिला है प्यार मिला है….’’ सरीखे भजनों के द्वारा श्रद्धा के समंदर में डुबकियां लगाई। इस दौरान भगवान आदिनाथ और जिनेन्द्र देव भगवान के साथ आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी संघ के जयकारे गूंजते रहे। इस अवसर पर शिक्षकों का सम्मान भी किया गया।

जैन डांडिया नाईट आज
अध्यक्ष नवीन जैन दोराया और महासचिव पारस जैन ने बताया कि शुक्रवार को एलबीएस स्कूल कोटा में जैन डांडिया नाईट का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत बेट ड्रेस, बेस्ट डांस, बेस्ट कपल, बेस्ट फैमिली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।