दुनिया का पहला 5G फोन जल्द ही, जानिए क्या हो सकते हैं फीचर्स

954

देश में अब तक भले ही लोगों को 4जी स्पीड पूरी तरह नहीं मिल पाई हो लेकिन दुनिया में 5जी की तैयारी शुरू हो चुकी है। खबरों के अनुसार जल्द ही दुनिया का पहला 5जी फोन लॉन्च होने वाला है। चीन की कंपनी शाओमी 25 अक्टूबर को बीजिंग में होने वाले इवेंट के दौरान Mi Mix 3 स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है। यह कंपनी और दुनिया का पहला 5जी फोन होगा।

लॉन्च से पहले कंपनी रोजाना इसकी कोई ना कोई जानकारी लीक कर रही है। अब तक जो चीजें सामने आईं हैं उनमें 10 जीबी रैम से लेकर 5जी सपोर्ट तक Mi Mix 3 कई आकर्षक फीचर के साथ पेश किया जाएगा। इस फोन को Oppo Find X की तरह बेजल-लेस डिस्प्ले और स्लाइड-आउट मैकेनिज्म के साथ पेश किया जाएगा। भारत में इसकी एंट्री कब होगी इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।

Xiaomi Mi Mix 3 के संभावित फीचर्स:
यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर और 10 जीबी से लैस हो सकता है। इस फोन का 6 जीबी या 8 जीबी रैम वेरिएंट भी पेश किया जा सकता है। शाओमी के मुताबिक, इसका 10 जीबी रैम वेरिएंट कुछ ही मार्केट्स में उपलब्ध कराया जाएगा।

यह फोन दुनिया का पहला 5जी सपोर्ट वाला कमर्शियल स्मार्टफोन होगा। साथ ही इसमें एडवांस 3D फेशियल रिकग्निशन सिस्टम दिए जाने की उम्मीद है। वहीं, इसका डिजाइन बेजल-लेस होगा। इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और हाई स्क्रीन रेश्यो जैसे फीचर्स भी मौजूद होंगे।

कैमरा की बात करें तो फोन में 24 मेगापिक्सल का ड्यूल फ्रंट कैमरा दिए जाने की उम्मीद है। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों ही सेंसर 24 मेगापिक्सल के होंगे या नहीं। कुछ खबरों के मुताबिक, Mi Mix 3 AI बटन के साथ आएगा।

यह बटन सैमसंग फोन्स के बिक्सबी बटन की तरह ही काम करेगा। इस बटन को प्रेस करने से शाओमी का AI अस्सिटेंट शुरू हो जाएगा। Mi Mix 3 की शुरुआती की कीमत 3799 चीनी युआन यानी करीब 40,000 रुपये होगा।

Oppo Find X:
Mi Mix 3 के अलावा Oppo Find X का हाई-एंड वेरिएंट भी जल्द लॉन्च हो सकता है। यह फोन 10 जीबी रैम के साथ लॉन्च होगा। इससे पहले इसे 8 जीबी रैम के साथ लॉन्च किया गया था। Oppo Find X के 10 जीबी वेरिएंट को चीन की सर्टिफिकेशन साइट TENAA पर लिस्ट किया गया है।

इसमें 256 जीबी की इंटरनल मेमोरी दिए जाने की उम्मीद है। एक ट्विटर यूजर ने इस फोन के 10 जीबी रैम वेरिएंट की तस्वीर पोस्ट की है। इसमें 3645 एमएएच की बैटरी दी जा सकती है। साथ ही यह वेरिएंट VOOC या सुपर VOOC चार्जिंग टेक्नोलॉजी को सपोर्ट कर सकता है।