जून में व्यापार घाटा रिकॉर्ड 26.18 अरब डॉलर पर, निर्यात से ज्यादा आयात

0
392

नई दिल्ली। India Export Data : भारत के वस्तु निर्यात (Export) में जून महीने में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। देश का वस्तुओं का निर्यात जून, 2022 में 23.52 फीसदी बढ़कर 40.13 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वहीं, इस दौरान व्यापार घाटा (trade deficit) रेकॉर्ड 26.18 अरब डॉलर के स्तर पर रहा है। सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

आंकड़ों के अनुसार, जून में वस्तुओं का आयात (Import) सालाना आधार पर 57.55 फीसदी बढ़ा है। इस उछाल के साथ आयात 66.31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे व्यापार घाटा (Trade Deficit) बढ़कर रिकॉर्ड 26.18 अरब डॉलर हो गया है। जून, 2021 में व्यापार घाटा 9.60 अरब डॉलर रहा था।

पहली तिमाही में निर्यात 24.51 फीसदी बढ़ा: चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में निर्यात 24.51 फीसदी बढ़कर 118.96 अरब डॉलर रहा है। वहीं, इस दौरान आयात 49.47 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 189.76 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष की पहली तिमाही में व्यापार घाटा बढ़कर 70.80 अरब डॉलर हो गया, जो 2021-22 की पहली तिमाही में 31.42 अरब डॉलर था।

कितनी रह सकती है जीडीपी: चालू वित्त वर्ष 2022-23 में भारतीय अर्थव्यवस्था (Indian Economy) 7.1 से 7.6 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) के कारण वैश्विक स्तर पर उत्पन्न संकट के बावजूद भारत की यह ग्रोथ रेट रहेगी। प्रमुख सलाहकार कंपनी डेलॉयट इंडिया (Deloitte India) की ‘भारत का आर्थिक परिदृश्य-जुलाई, 2022’ रिपोर्ट में यह कहा गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि जब 2021 का साल समाप्त हो रहा था, तो उस समय कुछ उम्मीदें थीं। लेकिन कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से इन उम्मीदों को झटका लगा।