अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ पुरुष प्रतियोगिता का समापन
कोटा। कोटा विश्वविद्यालय एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त तत्वावधान में कुलगुरु प्रो विमला डूंकवाल और प्रो भगवती प्रसाद सारस्वत के मार्गदर्शन में मेजर ध्यानचंद खेल संकुल में चल रही तीन दिवसीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 का शुक्रवार को समापन हुआ। आयोजन सचिव डॉ विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों की 66 टीमों ने भाग लिया।
शुक्रवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय सीकर के कुलगुरु प्रो युद्धवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में जेन जी का झुकाव भारतीय पारंपरिक खेलों की तरफ होना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
खेलों से न केवल युवाओं का शारीरिक एवं बौद्धिक विकास होता है अपितु छात्रों में व्यावहारिक समझ भी विकसित होती है जिससे उनका मन और मस्तिष्क मजबूत बनते हैं जो नकारात्मक विचारों को दूर रखते हैं।

विशिष्ट अतिथि उद्यमी और समाजसेवी ताराचन्द गोयल ने कहा कि मलखंभ खेल का आयोजन कोटा विश्वविद्यालय को मिलना शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण रखने की अपील की। देश के लिए कुछ देने की भावना का विकास करने को कहा।
विशिष्ट अतिथि कोटा सीबीएसई स्कूल सहोदय कॉम्पलेक्स के अध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह गौड़ ने आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए आने वाले समय में भी इसी प्रकार के आयोजन करने की अपील की। जिससे शहर को एक अलग पहचान मिल सके।
अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो घनश्याम शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए खिलाड़ी छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना के साथ खेल खेलने के लिए धन्यवाद दिया।
एआईयू द्वारा नियुक्त स्वतंत्र पर्यवेक्षक योगेश मालवीय, वित्त नियंत्रक संजय कुमार मीणा, टेक्निकल हेड गोपाल सिंह सिसोदिया भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चमन तिवारी ने किया। डॉ. मूलचन्द शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के सभी तकनीकी विशेषज्ञों और खेल विभाग के कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. तीरथ सांगा, डॉ. धीरेंद्र सक्सेना, डॉ. चतुर्भुज शर्मा, डॉ. भूपेंद्र शर्मा, डॉ. अजय कुमार, डॉ. सुरेन्द्र शर्मा, विजयलक्ष्मी जैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह रहे परिणाम
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 में टीम इवेंट में केबीपी यूनिवर्सिटी सतारा चतुर्थ स्थान पर रही। आंध्र प्रदेश की एसआरएम यूनिवर्सिटी ने तृतीय स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। महाराष्ट्र की मुंबई यूनिवर्सिटी ने द्वितीय स्थान हासिल करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
व्यक्तिगत मुकाबले में रोप मलखंभ की श्रेणी में मुंबई यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी शर्दुल ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय पुणे के खिलाड़ी कृष्णा आंबेकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक हासिल किया। केबीसी विश्वविद्यालय जलगांव के खिलाड़ी चेतन ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
हैंगिंग मलखंभ की श्रेणी में केबीसी विश्वविद्यालय जलगांव के खिलाड़ी रणवीर मोहिते ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता। एसआरएम यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी यतिन कोरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक हासिल किया। अन्नामलाई यूनिवर्सिटी आंध्र प्रदेश के खिलाड़ी हेमचन्द्रन ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
पोल मलखंभ की श्रेणी में आरजीपी यूनिवर्सिटी भोपाल के खिलाड़ी देवेन्द्र पाटीदार ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता। काव्यात्री यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी चेतन भूषण ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक हासिल किया। एसआरएम यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी यतिन कोरी ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए ये हुए क्वालीफाई
इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक तालिका में शीर्ष आठ में स्थान बनाने पर पंजाब यूनिवर्सिटी, मुंबई यूनिवर्सिटी, एसआरएम यूनिवर्सिटी, केबीपी यूनिवर्सिटी, सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय पुणे, एसआरटीएम यूनिवर्सिटी, लवली यूनिवर्सिटी, अन्नामलाई यूनिवर्सिटी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है जो आगामी खेलो इंडिया में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ऑल राउंड चैंपियनशिप पदक वितरित किए गए। इसमें प्रथम स्थान पर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के मोहित सिंह रहे। द्वितीय स्थान पर एसआरएम यूनिवर्सिटी के यतिन कोरी रहे। वही तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से सत्यभामा विश्वविद्यालय के केवी रोहित साईंराम तथा आरजीपी विश्वविद्यालय भोपाल के देवेंद्र पाटीदार रहे।
एसआरएम यूनिवर्सिटी के छात्र यतिन कोरी ने जीते चार पदक
प्रतियोगिता के दौरान एसआरएम यूनिवर्सिटी का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। मलखंभ खिलाड़ी छात्र यतिन कोरी ने कुल चार पदक हासिल किए। इन्होंने ऑल राउंड चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान, पोल मलखंभ में तृतीय स्थान, हैंगिंग मलखंभ में द्वितीय स्थान और टीम इवेंट में तृतीय स्थान पर रहने से कुल चार पदक हासिल किए।
ऐसा आयोजन पहले नहीं देखा- द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय
कोटा विश्वविद्यालय में हुई प्रतियोगिता इनडोर कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने से मलखंभ खेल के पहले द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय ने तारीफ करते हुए कहा कि देश में पहली बार कोटा विश्वविद्यालय ने इस तरह बेहतर और व्यवस्थित रूप से आयोजन कर मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह इनडोर कॉम्प्लेक्स में मलखंभ का आयोजन इससे पहले कहीं नहीं देखा। पदमश्री उदय देशपांडे ने भी खुले मन से आयोजन की सराहना की।

