नई दिल्ली। कावासाकी ने अपनी 2027 Z1100 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। हालांकि, कंपनी ने इस डिजाइन में किसी तरह के चेंजेस नहीं किए हैं। इस मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 12.79 लाख रुपए तय की गई है। लॉन्च के साथ कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। साथ ही, देशभर के डीलरशिप पर इसकी डिलीवरी भी शुरू हो चुकी है।
कावासाकी ने Z1100 के 2027 मॉडल में कोई बदलाव नहीं किया है। यह सुपर-नेकेड मोटरसाइकिल हर मामले में अपने पिछले मॉडल जैसी ही है। इसका मतलब है कि इसमें अभी भी इसमें 1099cc का इनलाइन-फोर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 136hp की पावर और 113Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यही इंजन हाल ही में अपडेट हुई एडवेंचर टूरर वर्सिस 1100 (Versys 1100) में भी दिया गया है, लेकिन वहां इसका ट्यूनिंग लेवल थोड़ा कम होकर 135hp का पावर और 112Nm का टॉर्क हो जाता है।
कावासाकी Z1100 के ट्यूबलर डायमंड चेसिस में 41mm के USD फोर्क्स के साथ 120mm ट्रैवल और बैक-लिंकेज मोनोशॉक के साथ 136mm ट्रैवल दिए हैं। USD फोर्क्स में कम्प्रेशन और रिबाउंड एडजस्टेबिलिटी मिलती है, जबकि मोनोशॉक में प्रीलोड और रिबाउंड एडजस्टेबिलिटी का फीचर दिया है। ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे की तरफ दो 310mm डिस्क और पीछे की तरफ एक 260mm डिस्क मिलती है।
Z1100 में पहले की तरह ही कई राइडर फीचर्स मिलते हैं, जिनमें 5-इंच का TFT डिस्प्ले, बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, तीन लेवल के साथ कॉर्नर-सेंसिटिव ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल-चैनल ABS, क्रूज कंट्रोल और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी शामिल हैं। मोटरसाइकिल में 17 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है, जिससे Z1100 के साथ राइडर लंबी दूरी तय कर सकते हैं। इसका वजन 220kg है, इसके बाद भी इसे संभालना आसान है।
2027 कावासाकी Z1100 की भारत में एक्स-शोरूम कीमत 12.79 लाख रुपए है। इस प्राइस टैग पर बाजार में इसका सीधा मुकाबला होंडा CB1000 हॉर्नेट SP से होगा, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 13.29 लाख रुपए है. वहीं, कावासाकी Z900 जो थोड़ी छोटी मोटरसाइकिल है, उसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपे है।

