2021 Ducati Panigale V4 दमदार इंजन के साथ भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स

0
460

नई दिल्ली। डुकाटी इंडिया ने भारत में अपनी 2021 Ducati Panigale V4 स्पोर्ट्स बाइक को लॉन्च कर दिया है। बेहद ही आकर्षक इस स्पोर्ट्स बाइक की कीमत 23.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है। बता दें, Panigale V4 के हाई ट्रिम ‘S’ की कीमत 28.40 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। इस बाइक को पिछले साल एक बड़ा अपडेट दिया गया था। खास बात यह रही कि 2020 मॉडल को कभी भी भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं किया गया था, बजाय इसके इसकी चुनिंदा यूनिट्स को विशेष मांग पर ग्राहकों के लिए लाया गया था।

इंजन,पॉवर और फीचर्स: डुकाटी की इस प्रमुख स्पोर्ट्सबाइक के नए मॉडल को BS6 1,103cc V4 डेस्मोसेडिसी स्ट्रैडेल इंजन से लैस किया गया है। यह इंजन 13,000 आरपीएम पर 211 बीएचपी की पॉवर और 9,500 आरपीएम पर 124 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं यह इंजन 6-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ आता है। नई PanigaleV4 के इलेक्ट्रॉनिक्स पैकेज में ABS कॉर्नरिंग EVO, DTC EVO 3, DSC, DWC EVO, DPL, DQS EVO 2, EBC EVO, DES EVO और न्यू राइडिंग मोड स्ट्रैटेजी शामिल हैं।

दो वैरिएंट में हुई लॉन्च: नई पीढ़ी की Panigale V4 को दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है, जिसमें स्टैंडर्ड डुकाटी पैनिगेल वी 4 की कीमत 23.50 लाख (एक्स-शोरूम) और हाई स्पेक डुकाटी पैनिगेल वी 4 एस की कीमत 28.40 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि कम उत्सर्जन और क्लीन होने के बावजूद दोनों वेरिएंट 2020 मॉडल की तुलना में अधिकतम पावर और टॉर्क स्तर बनाए रखते हैं।

सुरक्षा फीचर्स: 2021 Panigale V4 और V4 S में जोड़े गए सुरक्षा फीचर्स में चेन गार्ड फिन खास है, जो एक महत्वपूर्ण सुरक्षा एहतियात है। यह आपको स्लाइड की स्थिति में चेन और क्राउन के साथ खतरनाक दुर्घटनाओं से बचने में मदद करता है। Panigale V4 और Panigale V4 S मॉडल नए सेल्फ ब्लीडिंग ब्रेक और क्लच पंप से भी लैस हैं जो पहली बार Superleggera V4 पर इस्तेमाल किए गए थे। बताते चलें कि 2021 डुकाटी पैनिगेल वी4 की बुकिंग पूरे भारत में सभी डुकाटी डीलरशिप पर शुरू हो गई है।