लाडली बहनों को रोजगार से जोड़कर बनाएंगे लखपति दीदी: स्पीकर बिरला

0
5

सांगोद। Samuhik Rakshabandhan karykram: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को सांगोद में रक्षाबंधन का पर्व मनाया। लाडली बहना कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम में स्पीकर बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने महिलाओं से राखी बंधवाई और बहनों के सुख और दुख में भागीदार बनने का वचन दिया।

यहां गायत्री माता मंदिर चौराहे पर आयोजित रक्षा सूत्र कार्यक्रम में सांगोद शहर और ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। उन्होंने बिरला व नागर को तिलक लगाया और राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की।

बिरला ने कहा कि इन बहनों का आशीर्वाद मेरे लिए अमृत के समान है। इन बहनों के जीवन को बदलना मेरा लक्ष्य है। ये बहनें आत्मनिर्भर बनें, इनके जीवन में सुख समृद्धि और खुशहाली आए, इसके लिए संकल्पबद्ध होकर काम करेंगे।

बहनों के ऊपर दो परिवारों की जिम्मेदारी होती है, कई बार संकट और अभावों में भी वे करूणा और संवेदना से परिवार का ख्याल रखती हैं। बहनों के कठिनाइयों को दूर करने की जिम्मेदारी हमारी है, यह तभी संभव है जब ये आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। हम बहनों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर उन्हें लखपति दीदी बनाएंगे।

ऊर्जा मंत्री ने दिया मुख्यमंत्री का संदेश
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से क्षेत्र की बहनों और वीरांगना मधुबाला के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेक्षित संदेश सुनाया। नागर ने कहा कि पिछले वर्ष आपके औऱ हमारे बीच भाई और बहन के रूप में जो स्नेह और प्रेम का रिश्ता स्थापित किया था उसे हम हमेशा निभाएंगे। आपकी हर समस्या का समाधान करना अब हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे बहनों की समस्याओं को हम तक पहुंचाए।