किशोर कुमार के गीतों से सजेगी आज शाम, मुंबई व कोटा के कलाकार देंगे प्रस्तुति

0
10

कोटा। बॉलीवुड फिल्मों में अपनी आवाज का जादू चलाने वाले किशोर कुमार के गीतों से आज शाम रंगीन होगी। रविवार को उनका 96वां जन्मदिवस कोटा में धूमधाम के साथ उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा।

मुख्य संयोजक व किशोर कुमार के प्रसंशक पूर्व मेला समिति अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश बिरला होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष व मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, नेता प्रतिपक्ष कोटा उत्तर लव शर्मा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, डॉ. एमएल अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।

जैन ने बताया कि किशोर कुमार के जन्मदिवस पर हर बार कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है। इस बार मुम्बई के जाने माने रॉक स्टार, के. फॉर किशोर फेम चिंतन बाकीवाला कोटा आ रहे हैं, जो अपने मधुर गीतों से शाम को और भी हसीन बना देंगे।

उन्होंने कहा कि बाकीवाला की आवाज किशोर कुमार की याद को ताजा कर देती है। सैकडों लोगों में से बाकीवाला को चुना गया था, जिनकी आवाज हुबहु किशोर की तरह है। चिंतन बाकीवाला किशोर कुमार के रोमांटिक, सदा बहार गीत, उनके हिट गीत, दर्द भरे गीत गाएंगे। संयोजक जगदीश अग्रवाल चूनेवाला, अमित बंसल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के पास स्थित यूआईटी ऑडिटोरियम बालाजी नगर में सायं 7.30 बजे यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा।

संगीत प्रेमी इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद ले सकते हैं। इस कार्यक्रम में कोटा के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति से किशोर कुमार को याद करेंगे। कोटा कलाकार सोसायटी के अध्यक्ष हरीश महावर ने बताया कि इस अवसर पर किशोर कुमार की याद में उनके हसीन लम्हों को भी गुनगुनाया जाएगा।

मुख्य संयोजक जैन ने बताया कि कोटा के स्थानीय कलाकार अमित बंसल, सुनील जैन, ऋतु जोशी, कृष्णा विजयवर्गीय, मौसमी अधिकारी, प्रभजोत, अभिषेक गोयल, केएल ग्वालानी सहित अन्य कलाकार भी किशोर कुमार के गीतों से शाम को चार चांद लगाएंगे।

किशोर सागर पर भी सजेगी किशोर कुमार के गीतों की महफ़िल
इसके अलावा शाम 6 बजे किशोर सागर तालाब की पाल पर परंपरा इवेंट्स की ओर से संगीत की महफिल सजाकर किशोर कुमार का 96वां जन्मदिवस मनाया जाएगा। भंवर सिंह हाड़ा, प्रेम नारायण, भीम सिंह यादव एडवोकेट, अचल शर्मा, रोशन शर्मा, अजीत सिंह शेखावत, निषेध सोनी, चित्रा सोनी, कानू शर्मा, सुहास वर्धन सक्सेना, राजेंद्र गंभीर, डॉ. जितेंद्र कत्याल समेत कई कलाकार अपने सुरों की महफिल सजाकर किशोर कुमार के गीतों से उनकी यादों को ताजा करेंगे।