‘श्रीकृष्ण सर्किट’ में वृंदावन, मथुरा की तरह कुरुक्षेत्र भी शामिल: स्पीकर बिरला

0
137
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कुरूक्षेत्र में कृष्ण के विराट स्वरूप प्रतिमा के 'लाइट एंड साउन्ड शो' के उद्घाटन समारोह में।

नई दिल्ली। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को हरियाणा के कुरूक्षेत्र में भगवान कृष्ण के विराट स्वरूप के ‘लाइट एंड साउन्ड’ शो का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बिरला ने कहा कि कुरूक्षेत्र में श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप दिव्यता के अनुभव के साथ सभी को अलौकिक प्रेरणा दे रहा है। लाइट एंड साउन्ड शो की जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से महाभारत के बारे लाइट एंड शो में बताया गया है, इससे दुनियाभर के लोग भारत की संस्कृति से परिचित हो पाएंगे। लाइट एंड साउन्ड शो’ के माध्यम से गीता का संदेश दिया जाएगा।

बिरला ने कहा कि जिस तरह अपने विराट स्वरूप से भगवान कृष्ण ने अर्जुन को जगत का सार समझा दिया था, विराट स्वरूप की यह भव्य प्रतिमा आज उसी तरह से आमजन को सत्य, शुचिता और न्याय के लिए कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती रहेगी।

गीता के दिव्य संदेश के महत्व का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि गीता के ज्ञान का यदि समुचित तरीके से अनुसंधान किया जाए, तो सम्पूर्ण विश्व कर्मशील और विकसित बन सकता है। उन्होंने कहा कि गीता ना केवल व्यक्तिगत उन्नति का उपदेश देती है, बल्कि अपना कर्म करके जो व्यक्तिगत उन्नति प्राप्त हुई है, उससे समाज की प्रगति कैसे सुनिश्चित हो, यह संदेश भी गीता से हमें मिलता हे।

स्वदेश दर्शन योजना का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत तैयार हो रहे ‘श्रीकृष्ण सर्किट’ में वृंदावन, मथुरा की तरह कुरुक्षेत्र को भी शामिल किया गया है। इससे देश और दुनिया के पर्यटक अब श्रीकृष्ण की कर्मभूमि कुरुक्षेत्र को देखने के लिए आएंगे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन मात्र से ही पर्यटकों के मन में गीता के उपदेश जागृत होंगे। उन्हें एक अद्भुत और दिव्य अनुभव यहां होगा। श्रीकृष्ण सर्किट की परिकल्पना साकार होने के बाद धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। इससे पहले बिरला ने गीता महोत्सव कार्यक्रम में भी भाग लिया और एक बेहतर समाज बनाने के लिए मोरारी बापू के कार्यों की सराहना की।