ज्ञानवापी मस्जिद के भीतरी भाग के सर्वे में क्या मिला, जानिए

0
330

वाराणसी। ज्ञानवापी मस्जिद (Gyanvapi Mosque) के भीतरी भाग के सर्वे के साथ ही बड़े दावे शुरू हो गए हैं। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की ओर से सर्वेक्षण पर रोक लगाने संबंधी आदेश नहीं दिए जाने के बाद वाराणसी कोर्ट के आदेश के तहत जांच टीम ने शनिवार को सुबह 8 बजे से सर्वेक्षण शुरू कराया। पहले दिन तहखाना के चार कमरों और पश्चिमी दीवार का सर्वे कराया गया।

इसके बाद जब सर्वेक्षण टीम बाहर निकली तो हर किसी के मन में एक ही सवाल था, सर्वे में क्या मिला? इसका जवाब विश्व वैदिक सनातन संघ के प्रमुख जितेंद्र सिंह बिसेन ने दिया। उन्होंने कहा कि वहां मेरी नहीं, हम सबकी कल्पना से भी अधिक बहुत कुछ है। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि रविवार को सर्वे होगा। बिसेन ने कहा कि कल के सर्वे के लिए भी बहुत कुछ है।

जितेंद्र सिंह बिसेन ने कहा कि सर्वे के दौरान कुछ ताले खोले गए और कुछ तालों को तोड़ना पड़ा है। सर्वे की रिपोर्ट भी सबके सामने आएगी। उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देश के तहत सर्वे हो रहा है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे हैं। उन्हें यहां बताना उचित नहीं है।

करीब चार घंटे चली सर्वे की प्रक्रिया दौरान इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मस्जिद परिसर के आसपास के 500 मीटर के इलाकों की सभी दुकानों को बंद करा दिया गया था। सर्वे के बाद बाहर निकले वकीलों ने कहा कि 4 घटे चली जांच की प्रक्रिया के दौरान वादी-प्रतिवादी, पुलिस प्रशासन और सभी पक्षों का सहयोग रहा। शांतिपूर्ण तरीके से सर्वे का काम कराया गया है।

रिपोर्ट लीक करने वालों पर होगी कार्रवाई: ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे को काफी गोपनीय रखा गया है। इस कार्य के लिए जाने वाले सभी लोगों के मोबाइल बाहर जमा करा दिए गए थे, ताकि वे अपने स्तर से कोई फोटो नहीं ले पाएं या कोई जानकारी सर्वे के दौरान बाहर नहीं भेज पाएं। वकीलों ने कहा कि सर्वे की रिपोर्ट काफी गोपनीय है। कोर्ट का आदेश है कि जो कोई भी सर्वे प्रक्रिया को लेकर बाहर कुछ भी लीक करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वकीलों ने कहा ककि जिन स्थानों को सर्वे के लिए चिन्हित किया गया था, वहां सर्वे हुआ है। सर्वे की कार्रवाई 15 मई को भी जारी रहेगी। सर्वे प्रक्रिया पूरी होने को लेकर वकीलों की ओर से कोई स्पष्ट तिथि नहीं बताई गई। उन्होंने एडवोकेट कमिश्नर को ही इसका जवाब देने की बात कही।

रविवार को भी सर्वे होगा : वकीलों ने साफ कहा कि रविवार को सर्वे होगा और उसके बाद आगे की रणनीति तय होगी। अपडेट रविवार के सर्वे के बाद ही मिल सकेगा। तहखाने में मिली चीजों को लेकर पूछे जाने वाले सवालों को सभी ने टाल दिया। हालांकि, बिसेन ने कल्पना से अधिक चीजें मिलने की बात कर माहौल को गरमा दिया है।