वर्ष 2021 में भारत ने 1,050 टन सोने का आयात किया, तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

0
251

नई दिल्ली। भारत ने वर्ष 2021 के दौरान सोने का आयात में 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारत ने 1,050 टन सोने का आयात किया, जिस पर कुल 55.7 अरब डॉलर खर्च किए गए। यह आकंड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुना है, जबकि वर्ष 2011 के बाद सबसे ज्यादा है। सबसे कम 2020 में कोरोना महामारी की वजह से 23 अरब डॉलर से कम का सोना आयात किया गया था।

आंकड़ों के अनुसार 2020 में भारत में करीब 430 सोना आयात किया गया था। इसके कुल कीमत 22 अरब डॉलर थी। वहीं, 2011 में 53.9 अरब डॉलर का सोना विदेशों से खरीदा गया। भारत ने साल 2020 में विश्व के 30 देशों से 377 टन सोने की छड़े और बिस्किट आयात किए।

विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) के सीईओ (इंडिया) सोमासुंदरम पीआर का कहना है कि 2021 में स्थिति सुधरने से त्योहारी और शादी के सीजन में गहनों की मांग बढ़ी है, जिसे पूरा करने के लिए कारोबारियों ने सोने का ज्यादा आयात किया। डब्ल्यूजीसी रिपोर्ट बताती है कि बीते अक्तूबर और नवंबर के दौरान त्योहारी सीजन में भारतीयों ने जमकर सोने की खरीद की। इसके बाद शादियों के पीक सीजन के दौरान भी सोने की बिक्री बढ़ी है। दिसंबर में भारत ने 86 टन सोने का आयात किया, जो पिछले साल के 84 टन से थोड़ा अधिक है।

विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) के अनुसार वर्ष 2020 में लगे लॉकडाउन के कारण सोने का आयात सबसे कम रहा। शादी के सीजन के दौरान सोने की मांग सबसे ज्यादा रहती है, लेकिन कोरोना के चलते शादियां 2021 के लिए टाल दी गईं। इसका सीधा असर सोने के आयात पर देखा गया। इस साल 23 अरब डॉलर से कम का सोना आयात किया गया।

दूसरा सबसे बड़ा आयातक है भारत
सोने के खपत के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है। देश में सोने की जितनी खपत होती है उसका अधिकांश हिस्सा विदेशों से आयात होता है। सोने के कुल आयात में से 44 फीसदी स्विट्ज़रलैंड और 11 फीसदी सयुंक्त अरब अमीरात से खरीदा जाता है। पिछले कुछ साल के दौरान किसी भी वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में सोने के आयात के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2014-15 में अक्तूबर से दिसंबर के दौरान 339.3 टन सोने का आयात हुआ था।