कच्चा तेल फिर 75 डॉलर पर, 3 रुपए तक महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल

0
241

मुंबई। कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड सोमवार को फिर 75 डॉलर प्रति बैरल के लेवल तक पहुंच गया है। भारत के लिए यह खास तौर पर चिंता की बात है, क्योंकि यहां पेट्रोल और डीजल 100 रुपए प्रति लीटर का लेवल पहले ही पार कर गया है। ऐसे में अगर कच्चा तेल और महंगा होता है तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

बीते 1 महीने में 9.1% महंगा हुआ कच्चा तेल
कच्चे तेल के बाजार में इन दिनों तेजी देखी जा रही है। यह इस सप्ताह चढ़ कर 75.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। 1 महीने पहले ये 69.03 पर था यानी ये 9.1% बढ़ा है। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी इसके पीछे-पीछे है। यह भी पिछले सप्ताह के 69.98 डॉलर प्रति बैरल से चढ़ कर इस सप्ताह 71.97 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

क्यों महंगा हो रहा कच्चा तेल?
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि दुनियाभर में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट और वैक्सीनेशन की बढ़ती रफ्तार से आर्थिक गतिविधियां खुली हैं। इससे फ्यूल डिमांड तेजी से बढ़ रही है। नतीजतन, कच्चे तेल की कीमत आसमान छू रही है।

इसके अलावा डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है इससे रुपया कमजोर हुआ है। हम अपनी कुल जरूरतों का 80% से ज्यादा क्रूड आयात करते हैं और इसे खरीदने के लिए हमें डॉलर में पेमेंट करना होता है। ऐसे में रुपए के कमजोर होने से कच्चे तेल का खर्च बढ़ रहा है।

2 से 3 रुपए तक महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि आने वाले दिनों में कच्चा तेल एक बार फिर 80 डॉलर तक जा सकता है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमत में 2 से 3 रुपए तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

इस साल अब तक पेट्रोल 17.22 और डीजल 14.50 रुपए महंगा हुआ
इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 पर था, जो अब 101.19 और 88.62 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 9 महीने से भी कम में पेट्रोल 13.53 और डीजल 14.11 रुपए महंगा हुआ है।