बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 600 अंक लुढ़क कर 51,887 पर खुला

0
407

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव है, लेकिन अहम स्टॉक इंडेक्स निचले स्तरों से काफी ऊपर आ चुके हैं। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद स्तर से काफी कमजोरी के साथ लगभग 600 पॉइंट नीचे 51,887 पॉइंट पर खुला था।

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन एनएसई निफ्टी ने भी लगभग 150 पॉइंट की कमजोर शुरुआत दी। फिलहाल, सेंसेक्स 52,100 पॉइंट से ऊपर आ चुका है। निफ्टी ने भी फिर से 15,600 पॉइंट का लेवल पार कर लिया है।

सोमवार को लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में गिरावट के साथ शुरुआत हुई। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 553 अंकों की गिरावट के साथ 51,790 पर चला गया था। निफ्टी 152 पॉइंट नीचे 15,530 पर कारोबार कर रहा था।

सेक्टर इंडेक्स में सबसे ज्यादा लगभग 1% की गिरावट का दबाव निफ्टी IT पर दिख रहा है। निफ्टी बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, मेटल, PSU बैंक और एनर्जी में भी कमजोरी है। बाजार को सपोर्ट देने वाले सेक्टर में निफ्टी मीडिया, रियल्टी और FMCG सेक्टर हैं। कारोबार की शुरुआत में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 225.83 लाख करोड़ रुपए हो गया था। शुक्रवार को यह 227.33 लाख करोड़ रुपए था।

एशिया में चौतरफा बिकवाली
जापान का निक्केई इंडेक्स धराशायी होकर लगभग 3.50% नीचे आ गया है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग 1.25% की गिरावट है। कोरिया के कोस्पी में लगभग 0.9% की कमजोरी है। चीन का शंघाई कंपोजिट दूसरे एशियाई बाजारों से बेहतर है। इसमें लगभग 0.2% की कमजोरी है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरी में 1.60% तक की गिरावट है।