नई दिल्ली। अगली बार जब आप सरकार के सॉवरेन गोल्ड बांड में निवेश करने जाएं तो एक बार खुले बाजार में भी सोने की कीमतें देख लें। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार का यह गोल्ड बांड अब सोने से महंगा हो गया है। हो सकता है कि आने वाले समय में सरकार बांड की कीमत कम कर दे, क्योंकि सोने की कीमतें और घट सकती हैं।
कैपिटल वाया ग्लोबल रिसर्च के प्रोडक्ट मैनेजर क्षितिज पुरोहित ने कहा कि MCX पर गोल्ड के 43,800 से 44,000 रुपए के बीच ट्रेड करने का संभावना है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी बांड की ब्याज दरों में अगर ऐसे ही बढ़ोतरी जारी रही तो सोने की कीमतें 41,500 प्रति 10 ग्राम तक गिर सकती हैं। ऐसे में सॉवरेन गोल्ड बांड की आने वाली सीरीजों में इसकी कीमत कम होने की उम्मीद है।

सोने से कम होती है बांड की कीमत
अमूमन हर बार सरकार गोल्ड बांड की कीमत खुले बाजार में सोने की कीमतों से कम रखती है। लेकिन 12 बार में से 7 अवसर ऐसे भी रहे हैं जब सोने की कीमतों में तेज गिरावट से बांड की कीमतें ज्यादा हो गई हैं। इस बार शनिवार को सोने का भाव प्रति ग्राम 4,388 रुपए पर था। जबकि बांड की कीमत 4,662 रुपए पर थी। यानी 274 रुपए हर ग्राम पर अंतर है। यह बांड 1-5 मार्च तक खुला था। RBI अब तक सॉवरेन गोल्ड बांड की 12 सीरीज जारी कर चुका है। पहली सीरीज अप्रैल 2020 में जारी की गई थी। तब इसकी कीमत प्रति ग्राम 4,639 रुपए तय की गई थी।
7 महीनों में सोना 12,323 रुपए सस्ता हुआ
सोना 7 महीनों में ही करीब 12,320 रुपए सस्ता हो गया है। अगस्त 2020 में सोना 56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था, जो 5 मार्च को 43,887 रुपए पर आ गया था। इस साल जनवरी में सोने की कीमतें 50,300 रुपए पर आ गई थीं। था। 1 जनवरी से अब तक सोना 6,413 रुपए से ज्यादा सस्ता हो चुका है। यानी सिर्फ 2 महीने में ही सोने की कीमत 13% कम हो गई है।

