आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था का अन्नकूट महोत्सव कल, सजेगी ​गिर्राजधरण की झांकी

0
3

कोटा। आदर्श अग्रवाल सेवा संस्था का 30वां वार्षिक अन्नकूट महोत्सव रविवार को सायं 5 बजे इन्द्र विहार स्थित आईएल मंदिर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समाजबंधुओं में उत्साह का वातावरण है।

महोत्सव में गिर्राज धरण की भव्य झांकी, 36 प्रकार की तरकारियों व फलों का अन्नकूट भोग, 30 दंपत्तियों द्वारा महाआरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल प्रतिभाओं, वरिष्ठजनों व भामाशाहों का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक हुकुम मंगल ने बताया कि गिर्राज धरण की अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी, जिन्हें 36 तरह की तरकारियों व ताजे फलों का भोग अर्पित किया जाएगा। अध्यक्ष घनश्याम गोयल व महामंत्री विष्णु गोयल ने बताया कि 30 जोड़ों की सामूहिक महाआरती के साथ भजन संध्या और विद्यार्थियों के धार्मिक व राष्ट्रीय भजनों पर नृत्य होंगे।

मुख्य संयोजक राजेन्द्र जैन, आरसी गुप्ता व सहसंयोजक राजेन्द्र जैन ने बताया कि समारोह में आईएएस, आरएएस, इंजीनियरिंग और मेडिकल में चयनित विद्यार्थियों, मेधावी छात्रों, वरिष्ठजनों व भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा।

कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि 18 घटकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शहर को 26 हिस्सों में बांटकर घर-घर पीले चावल दिए गए हैं। आयोजन ‘स्वदेशी अपनाओ-विदेशी भगाओ’, ‘पेड़ लगाओ-मानव बचाओ’, ‘संस्कारित रहो-संस्कारवान बनो’ और ‘सनातन धर्म में आस्था रखो’ थीम पर केंद्रित रहेगा।