सजेगी गिरिराज धरण की झांकी, लगेगा छप्पनभोग, नेत्र-देहदान का होगा संकल्प
कोटा। धार्मिक आस्था, पारंपरिक विरासत और सामाजिक समरसता के अद्भुत संगम के रूप में शनिवार को कोटा का दशहरा मैदान अग्रबंधुओं की एकजुटता का साक्षी बनेगा। समस्त अग्रवाल समाज, कोटा और कोटा संभाग की विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य अन्नकूट महोत्सव सायं 5 बजे से विजयश्री रंगमंच परिसर में शुरू होगा।
इस विशाल आयोजन में कोटा के साथ-साथ बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों से लगभग 15,000 अग्रबंधुओं और समाजबंधुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। महोत्सव के दौरान समाज के भामाशाहों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा, साथ ही नेत्रदान और देहदान को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल और स्वागत अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की व्यापक तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया गया है। आयोजन के मुख्य सूत्रधार हेमराज जिंदल ने कहा कि यह महोत्सव कोटा संभाग के अग्रवाल समाज को एक मंच पर लाने, आपसी एकता व समन्वय को मजबूत करने और संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा। इस दौरान विशेष भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी परमानन्द गोयल व संजय गोयल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक भाईचारे व संगठनात्मक एकजुटता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अग्रवाल समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और परंपरागत विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना है। महोत्सव के पोस्टर का शुक्रवार को विमोचन किया गया।
गणमान्य अतिथियों की रहेगी गरिमामयी मौजूदगी
मुख्य समन्वयक महेश गुप्ता और चंद्रप्रकाश सिंघल ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला, विधायक संदीप शर्मा, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री जगदीश जिंदल और पार्षद लोकेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन शामिल होंगे।
घर घर पीले चावल देकर किया आमंत्रित
संयोजक रमेश चंद्र गोयल ने बताया कि समाज के हर परिवार तक निमंत्रण पहुंचाने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत घर-घर कूपन वितरित करने के साथ पीले चावल देकर समाजबंधुओं को सपरिवार आमंत्रित किया जा रहा है।
भोजन व्यवस्था में दिखेगी महिला शक्ति
युवा संयोजक सुमित जैन और लोकेश गुप्ता ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए 11 समितियों का गठन किया गया है, जिनमें भोजन व्यवस्था व मंच संचालन सहित अन्य दायित्व कार्यकर्ताओं को सौंपे गए हैं। महोत्सव में भोजन वितरण की पूरी व्यवस्था महिलाओं द्वारा संभाली जाएगी, जो महिला सहभागिता और सामाजिक समन्वय की प्रभावी मिसाल बनेगी।
गिरिराज धरण की झांकी, 56 भोग और भजन संध्या
महिला संयोजिका क्षमा गुप्ता, उमा सिंघल, गायत्री मित्तल, स्वाति गर्ग और हेमलता गुप्ता ने बताया कि समारोह में भगवान श्री गिरिराज धरण की आकर्षक व भव्य झांकी सजाई जाएगी और भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। भजन संध्या के जरिए पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल निर्मित किया जाएगा।
कार्यक्रम के पोस्टर का किया विमोचन
पोस्टर विमोचन के अवसर पर डॉ. आरके राजवंशी, जगदीश अग्रवाल, राजेश मित्तल, जयंत अग्रवाल (टोनू), सह समन्वयक महेन्द्र गर्ग, युवा समन्वयक शंकर अग्रवाल, शैल अग्रवाल, संगठन महामंत्री हितेश मित्तल, युवा सह समन्वयक सुरेन्द्र गोयल, युवा समन्वयक विजय गोयल, युवा सह समन्वयक आशीष गोयल, आशीष गुप्ता, अमित रामुका, चैतन्य गोयल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, यश गोयल, नीलेश गोयल, कैलाश जैन, रोहित जैन, आशीष जैन, ब्रह्मानंद गर्ग, धीरज गोयल, मयंक अग्रवाल, टीकम खंडवाला, वर्षा गुप्ता, नैना गर्ग, प्रतिमा गुप्ता, आरती गुप्ता और निरुपमा अग्रवाल सहित विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

