रोज हनुमान चालीसा का पाठ करें, स्मरण से बढ़ता है आत्मबल
कोटा। खुवाल परिवार की ओर से छप्पन भोग परिसर में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या के महासचिव एवं प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी गोविन्ददेव गिरी महाराज ने पहले दिन हनुमान जन्मोत्सव, इंद्र के वज्र प्रहार, देवताओं के वरदान, नामकरण, विद्याध्ययन और भगवान श्रीराम से हनुमानजी की भेंट तक के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
महाराज ने कहा कि हनुमानजी का जीवन शक्ति, बुद्धिमत्ता, विनम्रता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें और भगवान का स्मरण करें। प्रभु का स्मरण करने से जीवन में सकारात्मकता आती है और आत्मबल में अभिवृद्धि होती है।

मां के संस्कारों से बनता है संतान का व्यक्तित्व
महाराज ने मातृशक्ति की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोपरि है। मां केवल संतान को जन्म ही नहीं देती, बल्कि उसके व्यक्तित्व, विचारों और संस्कारों की पहली शिल्पकार भी होती है। संतान को संस्कारवान बनाने में गर्भ संस्कार की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। गर्भावस्था में माता द्वारा आध्यात्मिक कथाओं का श्रवण, धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन, सकारात्मक विचार और सात्विक वातावरण भावी संतान के संस्कार निर्माण में सहायक होते हैं। उन्होंने चाणक्य और छत्रपति शिवाजी जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए मातृसंस्कारों की महत्ता बताई।
शक्ति के साथ ज्ञान और सही साधना भी जरूरी
हनुमानजी के जन्म प्रसंग में महाराज ने बताया कि माता अंजना शक्तिशाली पुत्र चाहती थीं, जबकि पिता केसरी की इच्छा थी कि पुत्र महान ज्ञानी बने। इसके लिए अलग-अलग साधनाएं की गईं। उन्होंने कहा कि जीवन में जिस उद्देश्य की प्राप्ति करनी हो, उसके अनुरूप साधना और संकल्प भी होना चाहिए। हनुमानजी के चरित्र में अतुलनीय शक्ति के साथ प्रखर बुद्धिमत्ता और विवेक का समन्वय देखने को मिलता है। यही गुण उन्हें अद्वितीय बनाते हैं।
स्थान बदलने से साधना का फल भी बढ़ता है
महाराज ने साधना में स्थान के महत्व को समझाते हुए कहा कि एक माला मंत्र जाप घर में करने पर एक गुना फल मिलता है, वही जाप गौशाला में करने पर दस गुना, गंगा तट या शिव मंदिर में करने पर सौ गुना और गुरुदेव के सान्निध्य में करने पर अनंत गुना फल प्रदान करता है। उन्होंने तिरुमला स्थित वेंकटाद्रि पर्वत और बालाजी महाराज के धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थस्थलों पर साधना का विशेष महत्व है।
विनम्रता को बनाएं जीवन का आभूषण
महाराज ने पुंजिकस्थला के प्रसंग के माध्यम से रूप के अभिमान पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने धन, ज्ञान, रूप और पद का अभिमान हो जाता है, लेकिन अहंकार उसे मर्यादा से दूर कर देता है। तपस्वी मुनि का उपहास करने पर पुंजिकस्थला को वानरी रूप में जन्म लेने का श्राप मिला। इस प्रसंग से संदेश मिलता है कि किसी के तप, ज्ञान और साधना का उपहास नहीं करना चाहिए। विनम्रता ही व्यक्ति का वास्तविक आभूषण है।
वानर और बंदर में बताया अंतर
रामायण के वानर प्रसंग की व्याख्या करते हुए स्वामी जी ने कहा कि वानर और सामान्य बंदर को एक जैसा नहीं समझना चाहिए। वानर एक विशिष्ट प्रजाति थी, जिसमें मानवोचित गुण भी थे। उनकी अपनी भाषा, व्याकरण, शिष्टाचार और घर बनाने की कला थी। बाली के अंतिम संस्कार और सुग्रीव के राज्याभिषेक में वैदिक मंत्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वानर समाज में भी सामाजिक और धार्मिक परंपराएं थीं। महाराज ने कहा कि जीवन में सद्ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिले तो उसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। जो व्यक्ति श्रेष्ठ शिक्षा, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और जीवनोपयोगी ज्ञान दे सकता है, उसके सान्निध्य में रहकर अधिकाधिक ज्ञान अर्जित करना ही वास्तविक बुद्धिमत्ता है।
भव्य कलश यात्रा से हुआ कथा का शुभारंभ
कथा से पूर्व खुवाल परिवार के प्रताप नगर दादाबाड़ी स्थित निवास से छप्पन भोग तक भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। बग्गी में विराजमान स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज की अगवानी परिवार की महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर की। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर रामायण धारण कर पैदल शोभायात्रा में शामिल हुए।
भजन मंडलियों ने ‘राम आएंगे’, ‘ईश्वर सत्य है, सत्य ही शिव है’, ‘है दुख भंजन मारुति नंदन’ और ‘मेरे घर राम आए हैं’ जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने भजनों पर नृत्य किया और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संतश्री का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान नगर निगम महापौर अनुसूईया गोस्वामी उपस्थित रहीं। लोकसभा अध्यक्ष के निवास पर भी शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय पार्षद सीमा चौधरी और पूर्व पार्षद धीरेन्द्र चौधरी ने पुष्पवर्षा कर संतश्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राजेश बिरला, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेन्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी, डॉ. सीबी दास गुप्ता, भगवान दास खुवाल, गोविन्द दास खुवाल, डॉ. एकात्म गुप्ता, क्षितिज खुवाल, एडवोकेट गोपाल जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

