नई दिल्ली। देश के प्रमुख तुअर (अरहर) उत्पादक राज्यों में मॉनसून की बेरुखी और सूखे का असर अब फसल पर दिखाई देने लगा है। खरीफ सीजन की नई तुअर फसल की आवक मंडियों में शुरू हो गई है, लेकिन शुरुआती आवक काफी कम है। किसानों को इस बार उत्पादन में भारी गिरावट का डर सता रहा है।
कारोबारियों का अनुमान है कि देश में तुअर का कुल उत्पादन 20 से 25 लाख टन के बीच रह सकता है। फसल में कमी की आशंका के बीच देश के प्रमुख महानगरों में तुअर दाल के खुदरा दाम 140 से 157 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
देश के बड़े तुअर उत्पादक राज्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में इस बार अनियमित बारिश और लंबे सूखे के दौर ने फसल की पैदावार को बुरी तरह प्रभावित किया है। फसल की बढ़वार और फलियां लगने के समय नमी की कमी के कारण खेतों में फसल बर्बाद होने की स्थिति बन गई। कारोबारियों का मानना है कि पिछले साल (2024-25) के करीब 35 लाख टन उत्पादन के मुकाबले इस बार फसल में भारी गिरावट आना तय है।
सरकारी और व्यापारिक आंकड़ों में बड़ा अंतर
कृषि मंत्रालय जहां 2026-27 सीजन में 35.9 लाख टन उत्पादन की उम्मीद जता रहा है, वहीं इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) और उद्योग जगत का मानना है कि वास्तविक पैदावार 25 लाख टन के आसपास ही रहेगी। महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में अनियमित बारिश और लंबे सूखे के दौर ने फसल की बढ़वार को बुरी तरह प्रभावित किया है।
जमाखोरी पर सरकार सख्त
संभावित कमी और जमाखोरी की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने दाल मिलों और कारोबारियों के लिए पोर्टल पर साप्ताहिक स्टॉक की घोषणा अनिवार्य कर दी है। आईपीजेए के चेयरमैन बिमल कोठारी ने सरकारी कदम का समर्थन करते हुए कहा कि मंत्रालय ने स्टॉक की निगरानी के लिए साप्ताहिक जानकारी देने को कहा है। एसोसिएशन अपने सभी सदस्यों से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहेगा।
आयात 44% बढ़ा, ब्राजील बनेगा नया सप्लायर
घरेलू उत्पादन में गिरावट की भरपाई के लिए भारतीय आयातकों ने विदेशों से तुअर की खरीद तेज कर दी है। IPGA के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2026 के शुरुआती आठ महीनों में तुअर का आयात पिछले साल (4.34 लाख टन) के मुकाबले 44% बढ़कर 6.25 लाख टन तक पहुंच गया है। आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए म्यांमार और अफ्रीकी देशों के अलावा अब दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील से भी तुअर मंगाई जा रही है। बिमल कोठारी के मुताबिक, एसोसिएशन के प्रयासों से ब्राजील के किसानों ने भारतीय बाजार के लिए तुअर उगाना शुरू किया है और फाइटोसैनिटरी मंजूरी मिलते ही वहां से खेप भारत पहुंचने लगेगी।
एक साल में ₹44 तक महंगी हुई दाल
बीते एक साल में तुअर बाजार का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। नवंबर 2025 में रिकॉर्ड आयात के कारण साबुत तुअर के मंडी भाव 6,200–6,700 रुपये प्रति क्विंटल तक गिर गए थे, जो उस समय के 8,000 एमएसपी से भी नीचे थे। लेकिन 2026 के सूखे ने बाजार पलट दिया। वर्तमान में मंडियों में साबुत तुअर 9,350 से 10,300 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है, जो 2026-27 के 8,450 रुपये एमएसपी से करीब 1,000 ऊपर है।
खुदरा बाजार में तुअर दाल ₹150 के पार
उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार, देशभर में तुअर दाल का औसत खुदरा मूल्य एक साल में 113.37 से बढ़कर 136.28 रुपये प्रति किलो हो गया है। जबकि मुंबई और दिल्ली में दाम 150 के पार पहुंच चुके हैं। मुंबई में तुअर दाल की औसत कीमत 157 रुपये प्रति किलोग्राम है जो एक महीने पहले 145 रुपये और एक साल पाल 115 रुपये किलो बिक रही थी।
इसी तरह दिल्ली में तुअर दाल के दाम बढ़कर 150 रुपये प्रति किलोग्राम हो पहुंच गए थे जो पिछले साल इस समय 106 रुपये थे। इंदौर में तुअर दाल की खुदरा कीमत बढ़कर 140 रुपये और कोलकाता में 150 रुपये प्रति किलोग्राम चल रही है।
मंडियों में नई फसल की आवक शुरू
आईपीजेए की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की मंडियों में नई फसल की छिटपुट आवक शुरू हो गई है। आने वाले हफ्तों में आवक की रफ्तार और बढ़ने की उम्मीद है। भले ही घरेलू फसल कमजोर है, लेकिन आयात की तेज रफ्तार और सरकारी निगरानी के चलते बाजार में सप्लाई की स्थिति आरामदायक बनी रहेगी। सरकार के पास मौजूद करीब 9.7 लाख टन का बफर स्टॉक है।
ज्यादा तेजी की संभावना नहीं
आईपीजीए के मुताबिक, आने वाले समय में तुअर की कीमतों में बहुत ज्यादा तेजी की संभावना नहीं है। बाजार में फिलहाल पर्याप्त स्टॉक है, जबकि मांग भी धीमी बनी हुई है। कारोबारियों के पास मौजूद स्टॉक, नियमित आयात और सरकारी भंडार से बाजार में तुअर की उपलब्धता बनी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, कम कीमत वाली दूसरी दालों और अफ्रीकी देशों से बढ़ती आपूर्ति भी तुअर की कीमतों पर दबाव बनाए रख सकती है। दिसंबर से नई फसल की आवक बढ़ने के बाद उत्पादन और किसानों की बिक्री की स्थिति ज्यादा साफ होगी।

