तवांग यात्रियों ने अरुणाचल में तिरंगा फहरा चीन की विस्तार नीति के विरुद्ध दिया संदेश

0
7

बुमला बॉर्डर पर 15,200 फीट की ऊंचाई पर देशभक्ति का उद्घोष

कोटा / गोहाटी। भारत तिब्बत सहयोग मंच के तत्वावधान में आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक अनुभव और राष्ट्रभक्ति एवं पराक्रम के भावों से ओतप्रोत रही। यात्रा में शामिल कोटा के श्रद्धालुओं ने अरुणाचल प्रदेश के बुमला बॉर्डर पर लगभग 15,200 फीट की ऊंचाई और माइनस 15 डिग्री तापमान में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

यात्रियों ने इस अवसर पर चीन की विस्तारवादी नीति के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए “चीन की सीमा चीन की दीवार, बाकी सब कब्जा है” का उद्घोष किया। साथ ही “तिब्बत को आजाद करो” और “कैलाश मानसरोवर को मुक्त करो” जैसे नारों के माध्यम से तिब्बत की स्वतंत्रता एवं कैलाश मानसरोवर की मुक्ति का संकल्प व्यक्त किया। यात्रियों ने सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों का उत्साहवर्धन कर उनके प्रति सम्मान एवं समर्थन प्रकट किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इसमें बौद्ध मठों के दर्शन, सेला पास, माधुरी झील, जंग जलप्रपात तथा जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक प्रमुख रहे। अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया, जिससे यात्रा में सांस्कृतिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकात्मता का भाव और प्रगाढ़ हुआ।

यात्रा का समापन मां कामाख्या के दर्शन के साथ हुआ। इस संपूर्ण यात्रा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ राष्ट्र, संस्कृति और सीमाओं की सुरक्षा के प्रति समर्पण का भाव प्रदान किया।

यात्रा में कोटा से सम्मिलित प्रमुख यात्रियों में चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष अरविंद कौशल, जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम, प्रांतीय मंत्री ओमप्रकाश सोनी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष छुट्टनलाल शर्मा एवं डॉ. आर.सी. गौतम सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।