नई दिल्ली। Crude Oil Price: कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिल रही। इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया। फिलहाल करीब आधे फीसदी की गिरावट के साथ 89 डॉलर प्रति बैरल पर है।
पिछले सेशन में कीमतों में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन कीमतों में गिरावट का सिलसिला सीमित रही। दरअसल, ऑयल मार्केट की नजर अमेरिका और ईरान में जारी युद्द को लेकर आ रहे ताजा अपडेट्स पर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 89 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। वहीं, अमेरिकी कच्चे तेल वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) की कीमत करीब 80 डॉलर प्रति बैरल है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक पिछले कारोबारी सत्र में कच्चे तेल के दाम 3 फीसदी से ज्यादा गिर गए थे। हालांकि, दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशों से अब बाजार को कुछ राहत मिली है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस महीने कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसकी एक अहम वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का ईरान पर दोबारा बड़े हमले करने से फिलहाल पीछे हटना है।
अमेरिका में मिड टर्म इलेक्शन में डेमोक्रेटिक पार्टी की बड़ी जीत के बाद ट्रंप ने ईरान पर नए हमले टाल दिए थे। हालांकि, दोनों देशों के बीच छोटे स्तर पर हमले और झड़पें बढ़ी हैं। ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि अगर ईरान के साथ बातचीत सफल नहीं होती है तो अमेरिका अगले साल फिर से हमले शुरू कर सकता है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब भी बना हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर लगातार हमले हो रहे हैं। इसके बावजूद फारस की खाड़ी से कच्चे तेल का निर्यात तेजी से बढ़ा है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है।
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) का अनुमान है कि चालू तिमाही में कच्चे तेल की सप्लाई मांग से ज्यादा हो सकती है। वहीं, गोल्डमैन सैक्स ग्रुप ने भी अगले साल कच्चे तेल की भारी अतिरिक्त सप्लाई की आशंका जताई है। अगर ऐसा होता है तो आने वाले समय में तेल की कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।
मिजुहो सिक्योरिटीज यूएसए के एनर्जी फ्यूचर्स डिवीजन के डायरेक्टर रॉबर्ट यॉगर के मुताबिक, कच्चे तेल की मांग और सप्लाई की स्थिति के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक हालात भी कीमतों में गिरावट का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ही मोर्चों पर फिलहाल ऐसे हालात बन रहे हैं, जो कच्चे तेल की कीमतों के लिए अच्छे नहीं हैं।
US-ईरान में बातचीत
एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात की है। फारस की खाड़ी में स्थित कतर दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष को खत्म कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत से समझौते की कुछ उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन दोनों देशों के बीच कई बड़े मुद्दों पर मतभेद अब भी बने हुए हैं। ईरान चाहता है कि अमेरिका उसके बंदरगाहों पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी हटाए। इसके अलावा ईरान अपने ऊपर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में राहत और विदेशों में फ्रीज की गई संपत्तियों को वापस जारी करने की मांग कर रहा है।
ईरान का कहना है कि इन मांगों को पूरा किए जाने के बाद ही वह होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह दोबारा खोलने के लिए तैयार होगा। दूसरी ओर, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर रियायतें दे। ऐसे में दोनों देशों के बीच बातचीत सफल होगी या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। फिलहाल कच्चे तेल के बाजार की नजर शांति वार्ता और फारस की खाड़ी से होने वाली तेल की सप्लाई पर बनी हुई है।

