नई दिल्ली। शादी-ब्याह के व्यस्त मौसम के दौर में सराफा बाजार की शुद्धता को आशंका भरी नजरों से देखा जा रहा है। भरोसेमंद निवेश के विकल्प सोने के चारों तरफ शंका के बादल मंडरा रहे हैं।
सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर की मिलावट की खबरों ने न केवल आम खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। इस मामले के सामने आने के बाद खुदरा बाजार में खरीदारी की रफ्तार सुस्त पड़ती दिख रही है और उद्योग में हड़कंप मच गया है।
अभी तक सोने में मिलावट के लिए तांबा या चांदी का उपयोग होता था। इससे वजन या आकार में अंतर आ जाता था। आरोप है कि कथित तौर पर चीन से आयात होने वाले रेनियम पाउडर से सोने में मिलावट की जा रही है।
रेनियम का घनत्व (21.0 ग्राम/घन सेंटीमीटर) शुद्ध सोने (19.3 ग्राम/घन सेंटीमीटर) से थोड़ा अधिक होता है। सोना पिघलाते समय इसे भीतर मिलाने से गहने का आकार बदले बिना वजन बढ़ जाता है। यह भी सामने आया है कि इस तरीके से 20 कैरट के सोने को आसानी से 22 कैरेट (916 हॉलमार्क) बताकर बेचा जा रहा है।
बाजार में एक ग्राम शुद्ध सोने की कीमत करीब 13,000 रुपये के आसपास है जबकि एक ग्राम रेनियम पाउडर लगभग 5,000 रुपये में मिल जाता है। इसके कारण प्रति ग्राम करीब 8,000 रुपये के सीधे मुनाफे के लालच में यह अवैध कारोबार पनप रहा है।
चिंता यह है कि शोरूम में लगी आधुनिक एक्स-रे फ्लोरोसेंस मशीनें भी इसे पकड़ने में विफल हो रही हैं। वे केवल गहने की ऊपरी सतह की जांच करती हैं जबकि मिलावट अंदर की परत में की जाती है।
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
इंडिया बुलियन ऐंड ज्वैलर्स एसोसिएशन और जेम ऐंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। आभूषण उद्योग के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।
ऑल इंडिया बुलियन ऐंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वैलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन के मुताबिक सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर सामने आ रही रिपोर्ट में सच्चाई है।
इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।
ग्राहकों को गहने पर मौजूद 6 अंकों के एचयूआईडी नंबर को ‘बीआईएस केयर ऐप’ पर जरूर सत्यापित करने व पक्के जीएसटी बिल पर कैरेट व वजन का स्पष्ट उल्लेख करवाने की हिदायत दी गई है।
ऑल इंडिया बुलियन ऐंड ज्वैलर्स एसोसिएशन ने ज्वैलर्स व व्यापारियों को सलाह दी है कि अगर कोई एजेंट सस्ते दाम पर सोना देने या इस तरह की मिलावट करने का प्रस्ताव लेकर आता है तो उसके झांसे में न आएं। जानकारी तुरंत पुलिस या एसोसिएशन को दें।
कहां से आता है रेनियम पाउडर?
भारत में रेनियम पाउडर चीन से आ रहा है। लेकिन, उससे भी बड़ा सवाल यह है कि चीन को यह कहां से मिल रहा है? क्या यह प्राकृतिक रूप से मिलता है या चीन खुद इसे बना रहा है। असल में रेनियम पाउडर मोलिब्डेनम (Molybdenum) और तांबे (Copper) की खदानों से निकलने वाले सह-उत्पाद (By-product) के रूप में मिलता है। यह प्राकृतिक रूप से या अलग खदानों नहीं होती और दुनिया में इसका सबसे बड़ा उत्पादक देश चिली (Chile) है।

