कोटा। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 के पब्लिक इमेज सेमिनार में रोटरी क्लब कोटा को उसके सेवा कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार और समाज में सकारात्मक छवि स्थापित करने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब द्वारा जेके लोन अस्पताल में संचालित पीकू-नीकू वार्ड प्रोजेक्ट को सर्वश्रेष्ठ पब्लिक इमेज प्रोजेक्ट प्रथम अवार्ड से नवाजा गया।
यह पुरस्कार क्लब अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब कोटा द्वारा जेके लोन अस्पताल स्थित पीकू-नीकू वार्ड में स्थायी सेवा प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। वार्ड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 45 लाख रुपये के जीवनरक्षक उपकरण लगाए गए हैं। इसके साथ ही उपकरणों के रखरखाव एवं वार्ड की साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है। क्लब को यह अवार्ड प्रान्त 3056 के 90 क्लबों में से मिला है।
सेमिनार में डिस्ट्रिक्ट लर्निंग फैसिलिटेटर एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय काला ने प्रस्तुति के माध्यम से रोटरी के सेवा प्रकल्पों के प्रचार-प्रसार और समाचारों के चयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया ने सभी क्लबों से अपने सेवा कार्यों की उपलब्धियों और प्रभाव को व्यापक समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष बीएल गुप्ता, अनूप जैन भिंडीवाला एवं अनुराग उपाध्याय भी उपस्थित रहे।

