भारत और नेपाल के बीच आठ बड़े समझौते, IIT और 15000 करोड़ के पैकेज का प्रस्ताव

0
4

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली पीएम बालेन शाह के बीच सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बैठक हुई। भारत-नेपाल के बीच रिश्तों को और मजबूत करने के लिए इस दौरान कई अहम फैसले हुए। दोनों देशों ने अंतरिक्ष तकनीक, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और शहरी विकास समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

बैठक के बाद भारत और नेपाल के बीच कुल 8 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर साइन किया गया। इन समझौतों का मकसद नेपाल को तकनीक, प्रशिक्षण और विकास के क्षेत्र में मदद देना है।

इसके अलावा दोनों देशों के बीच 15,000 करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज, नेपाल में IIT की स्थापना और अयोध्या से जनकपुर तक ट्रेन चलाने जैसे प्रस्ताव भी चर्चा में हैं। इन पहलों से दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क और लोगों की आवाजाही को बढ़ावा मिल सकता है।

8 बड़े समझौते इस प्रकार हैं-

  1. सैटेलाइट नेटवर्क बनाने पर समझौता
    भारत और नेपाल अंतरिक्ष और संचार के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने का समझौता हुआ है। इससे नेपाल को संचार सेवाओं और तकनीक का लाभ मिलेगा।
  2. फॉरेंसिक साइंस में सहयोग
    गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों संस्थान अपराधों की जांच, फॉरेंसिक तकनीक और रिसर्च के क्षेत्र में एक-दूसरे की मदद करेंगे।
  3. पुलिस प्रशिक्षण और सुरक्षा
    भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (RRU) और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत पुलिस अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिसिंग से जुड़ी नई तकनीकों को साझा करने में मदद मिलेगी।
  4. सरकारी अधिकारियों की ट्रेनिंग
    भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत नेपाल के सरकारी अधिकारियों को प्रशासन चलाने, सरकारी योजनाओं को लागू करने और बेहतर शासन व्यवस्था के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  5. स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग
    भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों देश चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य से जुड़ी तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।
  6. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा
    दोनों देशों ने आयुर्वेद और दूसरी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर समझौता किया है। इससे आयुर्वेद से जुड़ी जानकारी, शोध और इलाज के तरीकों को साझा करने का रास्ता खुलेगा।
  7. शहरों के विकास में सहयोग
    भारत और नेपाल के बीच टिकाऊ शहरी विकास को लेकर तकनीकी सहयोग का समझौता हुआ है। इसके तहत शहरों की बेहतर योजना बनाने, बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास पर मिलकर काम किया जाएगा।
  8. पशुपालन और मत्स्य पालन
    दोनों देशों ने पशुधन और मछली पालन के विकास के लिए भी समझौता किया है। इससे पशुपालन, मछली उत्पादन, तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे थे। मार्च 2026 में नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी के साथ बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। 15,000 करोड़ रुपये के पैकेज, नेपाल में आईआईटी की स्थापना और अयोध्या से जनकपुर तक रेल संपर्क जैसे प्रस्ताव भी दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं। इनसे नेपाल में विकास परियोजनाओं को गति देने और भारत के साथ उसकी कनेक्टिविटी बढ़ाने में मदद मिल सकती है।