तीनों विषयों में कॉन्सेप्ट की समझ और तार्किक क्षमता की हुई परीक्षा
कोटा। इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स (आईएपीटी) की ओर से आयोजित नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन जूनियर साइंस (एनएसईजेएस)-2026 रविवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक चली। इसमें कक्षा 8, 9 और 10 के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी से जुड़े सवाल पूछे गए। शुरुआती पेपर एनालिसिस के अनुसार परीक्षा का समग्र स्तर मध्यम रहा। फिजिक्स और केमिस्ट्री के प्रश्नपत्र संतुलित रहे, जबकि बायोलॉजी का पेपर मध्यम से कठिन स्तर का रहा।
मोशन एजुकेशन के फाउंडर एवं एजुकेटर नितिन विजय के अनुसार, फिजिक्स का प्रश्नपत्र कुल मिलाकर मध्यम स्तर का रहा। इसमें कुछ सवाल काफी आसान थे, जिन्हें विषय की बुनियादी समझ रखने वाले विद्यार्थी आसानी से हल कर सकते थे। हालांकि, पूरे पेपर को आसान नहीं कहा जा सकता। सवालों को हल करने के लिए कॉन्सेप्ट की स्पष्ट समझ जरूरी थी। वहीं, केमिस्ट्री का पेपर भी मध्यम स्तर का रहा। इसके मुकाबले बायोलॉजी का पेपर थोड़ा कठिन रहा। इस सेक्शन में विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत अधिक चुनौती का सामना करना पड़ा। नितिन विजय ने बताया कि इस बार पेपर पिछले साल से सरल रहा है इसलिए कटऑफ बढ़ने की संभावना है।
तीनों विषयों में 16-16 सिंगल और 4-4 मल्टीपल करेक्ट प्रश्न
परीक्षा में तीन प्रमुख सेक्शन रखे गए थे। फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में प्रत्येक से 16 सिंगल करेक्ट और 4 मल्टीपल करेक्ट प्रश्न पूछे गए। सिंगल करेक्ट प्रश्नों में एक सही विकल्प चुनना था, जबकि मल्टीपल करेक्ट प्रश्नों में एक से अधिक विकल्प सही हो सकते थे। इस पैटर्न के जरिए विद्यार्थियों की विषयगत जानकारी के साथ उनकी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और सही विकल्प चुनने की सटीकता को परखा गया।
केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं
नितिन विजय के अनुसार, एनएसईजेएस का पाठ्यक्रम मुख्य रूप से कक्षा 10 तक के विज्ञान पर आधारित होता है। इसमें सफलता के लिए केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को विषयों की बुनियादी समझ के साथ कॉन्सेप्ट का गहराई से अध्ययन और तार्किक विश्लेषण का अभ्यास करना जरूरी है। फिजिक्स में मोशन, फोर्स, वर्क, एनर्जी, लाइट और इलेक्ट्रिसिटी जैसे टॉपिक्स की समझ महत्वपूर्ण रहती है। केमिस्ट्री में केमिकल रिएक्शन, एटॉमिक स्ट्रक्चर और प्रॉपर्टीज ऑफ एलिमेंट्स से जुड़े कॉन्सेप्ट उपयोगी होते हैं। वहीं, बायोलॉजी में सेल, ह्यूमन बॉडी, प्लांट बायोलॉजी, जेनेटिक्स और लाइफ प्रोसेसेज की समझ अहम रहती है।
मल्टीपल करेक्ट प्रश्नों में सावधानी जरूरी
ओलंपियाड परीक्षाओं में मल्टीपल करेक्ट प्रश्न विद्यार्थियों के लिए खास चुनौती होते हैं। इनमें केवल सही कॉन्सेप्ट जानना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि प्रत्येक विकल्प का स्वतंत्र रूप से विश्लेषण करना भी जरूरी होता है। परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों से बुनियादी अवधारणाएं मजबूत करने के साथ पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट का नियमित अभ्यास करना चाहिए।
इंटरनेशनल ओलंपियाड तक पहुंचने का पहला पड़ाव
एनएसईजेएस अंतरराष्ट्रीय जूनियर साइंस ओलंपियाड (आईजेएसओ) की चयन प्रक्रिया का पहला चरण है। इसमें चयनित विद्यार्थियों को आगे इंडियन नेशनल जूनियर साइंस ओलंपियाड (आईएनजेएसओ) में शामिल होने का अवसर मिलता है। इसके बाद ओरिएंटेशन-कम-सिलेक्शन कैंप और प्री-डिपार्चर ट्रेनिंग जैसे चरणों के आधार पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम का चयन किया जाता है।

