धर्म और साधना से ही आत्मा को मिल सकता है सच्चा सुख: स्वस्ति भूषण माताजी

0
1

सिद्ध चक्र महामंडल विधान में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से 1000 अर्घ किए समर्पित

कोटा। विज्ञान नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित सिद्ध चक्र महामंडल विधान में श्रद्धा और भक्ति के साथ सिद्धों की आराधना की गई। विधान के दौरान भगवान जिनेंद्र की पूजा-अर्चना करते हुए 1000 अर्घ समर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अनुष्ठान में भाग लेकर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि मोह की कालिमा अनंत काल से आत्मा पर जमी हुई है। इसे दूर करने में धार्मिक आयोजन और आध्यात्मिक साधना महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जीवन में ऐसे शुभ निमित्त मिलते रहें और मनुष्य निरंतर शुभ कार्य करता रहे तो मोह की पकड़ धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है।

इससे कषायों का विनाश संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि धर्म और आत्मसाधना के माध्यम से ही आत्मा वास्तविक सुख प्राप्त कर सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने आचरण और विचारों को निर्मल बनाने का प्रयास करना चाहिए।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि माताजी के सानिध्य में सिद्ध चक्र महामंडल विधान के तहत प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और सिद्धों की आराधना की जा रही है। कार्यक्रम में विमल, जेके जैन, रितेश सेठी, अनिल ठोरा, अमित चिकू, मनोज जायसवाल, आशीष जायसवाल, विनोद टोरडी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।