भोग से मिलता है क्षणिक सुख, सेवा और तप से होती है सच्चे सुख की प्राप्ति: स्वस्ति भूषण माताजी

0
2

आचार्य पदारोहण दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सकल जैन समाज की बैठक

कोटा। मनुष्य पांचों इंद्रियों के माध्यम से जो कुछ भी ग्रहण करता है, वह भोग कहलाता है। भोग से मिलने वाला सुख क्षणिक और नाशवान होता है, जबकि इच्छाओं और आकांक्षाओं के कारण ही कर्मों का बंधन होता है। सेवा, संयम और तपस्या से अर्जित शक्ति ही आत्मा को सच्चे सुख की ओर ले जाती है। तप और साधना के माध्यम से कर्मों की निर्जरा होती है।

यह विचार गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
माताजी ने कहा कि भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागने से मनुष्य की इच्छाएं कभी समाप्त नहीं होतीं।

इंद्रियों के विषयों में सुख तलाशने के बजाय आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। त्याग, तप, सेवा और संयम ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। विधान के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से 512 अर्घ्य समर्पित किए।

आचार्य शांति सागर के पदारोहण दिवस की तैयारियां
22 नवंबर को आचार्य शांति सागर महाराज के आचार्य पदारोहण दिवस को भव्यता के साथ मनाने के संबंध में गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में सकल दिगंबर जैन समाज कोटा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं और समाज की सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। महामंत्री पदम बडला, नरेश वेद, विनोद टोरड़ी, विमल नानता, जेके जैन, अनिल ठौरा, राकेश पाटोदी, यथार्थ पाटनी, रितेश सेठी एवं अनिल काला ने अपने सुझाव रखे।

श्रद्धालुओं ने किया पुण्यार्जन
विधान के दौरान माताजी के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य जेके जैन एवं पुष्पा जैन को मिला, जबकि राजकुमार सुबोध जैन को शास्त्र भेंट करने का पुण्यार्जन प्राप्त हुआ। विनोद जैन टोरड़ी, विमल जैन नानता एवं राजमल पाटोदी को शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य मिला। महाआरती का पुण्यार्जन राजकुमार सुबोध जैन, नई धानमंडी ने किया।

नव्या महिला मंडल, विज्ञान नगर की ओर से भक्तामर आराधना की गई। वहीं शांतिधारा करने का सौभाग्य पदम संजय गोधा, प्रकाश अंकुश जैन आवां वाले, पदम हरसोरा, सुनील कासलीवाल, सुशील बिलाला, अरविंद पुष्पा जैन, राजकुमार पाटोदी, विमलचंद जैन, कमल कुमार गोधा, राकेश जैन बनियानी, विनोद ताथेड़िया एवं अनिल काला को प्राप्त हुआ।

महामंत्री अनिल ठौरा ने बताया कि सायंकाल इंद्रसभा का आयोजन किया गया। इसमें सभी इंद्रों ने विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान सौधर्म इंद्र ने दिया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश जैन मडिया ने भी पहुंचकर स्वस्ति भूषण माताजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।