माहेश्वरी समाज कोटा ने दिया अन्नकूट में अन्न संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश

0
8

सिटी पार्क में सजा ठाकुरजी का मनमोहक दरबार, भजनसंध्या में झूमे समाजबंधु

कोटा। भक्ति के सुर, आस्था का उल्लास, ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार और स्नेह-सद्भाव से सराबोर माहौल। कुछ ऐसा ही दिव्य और भव्य दृश्य आर्ट हिल सिटी पार्क में श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा की ओर से आयोजित अन्नकूट महाप्रसादी महोत्सव में देखने को मिला।

‘जीमो जीमो सांवरिया… आया शरण तेरी श्याम… मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है…’ जैसे मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच हाड़ौती सहित पूर्वी राजस्थान के पांच हजार से अधिक माहेश्वरी समाजबंधुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की।

आयोजन में जहां धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला, वहीं डिस्पोजल फ्री व्यवस्था के माध्यम से अन्न संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।

श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया एवं मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव में पूर्वी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से माहेश्वरी समाजबंधुओं ने सहभागिता की। महोत्सव में माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि तथा कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा ने बताया कि कार्यक्रम में ओम माहेश्वरी महापद्म अतिथि के रूप में शामिल हुए। पद्म निधि, गोविंद माहेश्वरी, विष्णु कुमार साबू, नारायण कालानी, आनंद स्वरूप राठी, भगवान बिरला, मनोज जाखोटिया सहित शंख निधि, मुकुंद, नील और कुमुद श्रेणी के अतिथियों की भी सहभागिता रही। पौण्ड्र, खड्ग, देवदत्त, सुघोष और मणिपुष्पक श्रेणी के अतिथि भी महोत्सव में शामिल हुए।

66 वर्षों से कायम है अन्नकूट की परंपरा
माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने अन्नकूट महोत्सव को सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि माहेश्वरी समाज पिछले 66 वर्षों से इस परंपरा का निरंतर निर्वहन कर रहा है। माहेश्वरी पंचायत के प्रत्येक सदस्य की कर्मठता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन निरंतर भव्य स्वरूप ले रहा है। विगत 11 वर्षों से इसे कोटा सहित पूर्वी राजस्थान स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

भजनों की सरिता में झूमे श्रद्धालु
कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजनों ने महोत्सव के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीप अग्रवाल ने ‘महाराज गजानंद आओ जी…’ से गणेश वंदना प्रस्तुत कर भजन संध्या का शुभारंभ किया। इसके बाद गोविंद माहेश्वरी ने अपनी मधुर आवाज में महेश वंदना सहित ‘सांवली सूरत पर मोहन’, ‘गोवर्धन महाराज थारे माथे मुकुट’, ‘सांवरिया है सेठ’, ‘एक राधा एक मीरा’, ‘जीमो जीमो सांवरिया’, ‘आया शरण तेरी श्याम’, ‘मीठे रस से भरी राधा रानी लागे’ और ‘मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्तिरस में डूबे समाजबंधु देर तक नृत्य करते रहे। ठंडी-ठंडी बयार और भक्ति संगीत के बीच पूरा परिसर कृष्णमय हो उठा।

ठाकुरजी को 56 भोग अर्पित
अन्नकूट महोत्सव में ठाकुरजी की प्रतिमा के साथ राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी को विराजमान किया गया। मध्य में ठाकुरजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें हजारों पुष्पों से सजे दिव्य दरबार में विराजित किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ठाकुरजी को 56 भोग अर्पित किए गए।

31 प्रकार की तरकारियों से तैयार महाप्रसादी
महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। पंचायत के कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराड़िया ने बताया कि अन्नकूट महाप्रसादी का वितरण पूर्णतः डिस्पोजल फ्री रखा गया। समाजबंधुओं ने स्वयं परोसगारी की जिम्मेदारी निभाते हुए सेवा और समर्पण का परिचय दिया। महाप्रसादी में 31 प्रकार की तरकारियों से विशेष अन्नकूट तैयार किया गया, जिसे हजारों समाजबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

इनका विशेष सहयोग रहा
महाप्रसादी वितरण व्यवस्था में माहेश्वरी प्रगति मंडल, श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान, श्री माहेश्वरी पंचायत रामपुरा , श्री माहेश्वरी सेवा समिति कुन्हाड़ी, महिला मंडल (कोटा एवं कुन्हाड़ी), कोटा नगर माहेश्वरी युवा संगठन तथा माहेश्वरी नवोदिता मंडल का विशेष सहयोग रहा।

इनकी रही विशेष उपस्थिति
समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व महापौर महेश विजय, पंकज मेहता, कोटा व्यापार महासंघ संघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी तथा अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी, कार्यक्रम में अजमेर की अनादि सरस्वती, एसपी तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंकित जैन, प्रशासनिक अधिकारी राजेश डागा एवं सुनीता डागा, सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंकित जैन ने भजन संध्या में भी सहभागिता निभाई और भजनों की सरिता में भावपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।