सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर एवं सीकर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
कोटा। दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा कोटा से जयपुर होते हुए रशीदपुरा खोरी (सीकर) तक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे कोटा, लाखेरी, इंद्रगढ़ एवं सवाई माधोपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से जयपुर, रींगस एवं सीकर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09803 कोटा–रशीदपुरा खोरी (सीकर) स्पेशल ट्रेन 7, 9 एवं 10 नवंबर 2026 को कोटा स्टेशन से रात्रि 21:55 बजे प्रस्थान कर सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर एवं सीकर होते हुए अगले दिन प्रातः 05:40 बजे रशीदपुरा खोरी (सीकर) पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 09804 रशीदपुरा खोरी (सीकर)–कोटा स्पेशल ट्रेन 8, 10 एवं 11 नवंबर 2026 को रशीदपुरा खोरी (सीकर) से प्रातः 07:15 बजे प्रस्थान कर सीकर, जयपुर एवं सवाई माधोपुर होते हुए उसी दिन सायं 16:30 बजे कोटा पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में लाखेरी, इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस जंक्शन एवं सीकर जंक्शन स्टेशनों पर ठहराव करेगी। विशेष रूप से कोटा एवं सवाई माधोपुर से जयपुर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहारी सीजन में अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प उपलब्ध होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान एवं सामान्य श्रेणी सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इस विशेष रेल सेवा के संचालन से नियमित ट्रेनों में बढ़ते यात्रीभार को कम करने में भी मदद मिलेगी।

