ट्रंप की हार पर झूमा शेयर बाजार, निवेशकों को 5 मिनट में 7 लाख करोड़ का फायदा

0
26

नई दिल्ली। Stock Market Updates : भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार को जोरदार तेजी देखने मिली। सेंसेक्स करीब 1400 अंकों की मजबूती के साथ 78700 के पास कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी करीब 400 अंक उछलकर 24350 के ऊपर निकल गया है।

ट्रंप की हार से झूम रहे शेयर बाजार में मारुति, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस के शेयर चमक रहे हैं। इनमें 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी है। जबकि, इंडिगो 5.29 प्रतिशत की छलांग के साथ सेंसेक्स टॉप गेनर की लिस्ट में टॉप पर है। एयरटेल का छोड़ सेंसेक्स के सभी शेयर हरे निशान पर हैं।

सेंसेक्स भी 1609 अंकों की बंपर उछाल के साथ 78911 पर खुला। चंद मिनट में ही निवेशकों कों 7 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 500 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया।

सेंसेक्स-निफ्टी के लिए वैश्विक बाज़ारों के संकेत

  • कच्चे तेल में गिरावट : ब्रेंट क्रूड 1 प्रतिशत गिरकर 93.5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। पिछले सत्र में इसमें10 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी। तेल की कीमतें कम होने से भारत जैसे आयातक देशों के लिए महंगाई और व्यापार घाटे का दबाव कम होता है। इससे बाजार की धारणा को सहारा मिलता है।
  • अमेरिकी चुनाव : अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा कर लिया। इसके बाद बुधवार को अमेरिकी और यूरोपीय बाजार चढ़ गए। डेमोक्रेट्स की जीत को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। ट्रंप प्रशासन की वैश्विक टैरिफ नीति और मध्य पूर्व में युद्ध की वजह से भी इस साल भारतीय बाजार का प्रदर्शन कमजोर रहा था।
  • अमेरिकी बाजारों में तेजी: अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेट्स के दोनों सदनों में जीत के बाद वॉल स्ट्रीट तेज चढ़ा। डॉऊ जोन्स 3 प्रतिशत यानी 1,500 से ज्यादा अंक बढ़कर 53,000 के ऊपर बंद हुआ। यह 8 सितंबर के बाद पहली बार हुआ। यह पिछले साल 9 अप्रैल के बाद एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त रही। नस्डैक फ्यूचर्स 1.6 प्रतिशत चढ़े। चुनाव नतीजे साफ होने के बाद नस्डैक 650 से ज्यादा अंक गिरा था, लेकिन बाद में सारी गिरावट भरकर तेजी में बंद हुआ। एसएंडपी 500 1.5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा।
  • एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख: एशियाई बाजारों में गुरुवार को मिलाजुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में शुरुआती कारोबार में सेल-साइड सर्किट ब्रेकर लग गया। अमेरिकी चुनाव के बाद एआई डेटा सेंटर निर्माण पर नियमन की चिंता से कोस्पी 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 5,400 के नीचे आ गया। कोरिया एक्सचेंज के मुताबिक यह ब्रेकर कोरिया के समयानुसार 5 नवंबर सुबह 10:16 बजे लगा। जापान का निक्केई 225 शुरुआत में 0.5 प्रतिशत चढ़ा, लेकिन बाद में 1.24 प्रतिशत गिरकर 61,417 पर आ गया। ताइवान का ताइएक्स 1.81 प्रतिशत गिरकर 42,171 पर था।