राजस्थानी कवि सम्मेलन में साहस और शौर्य के गीत, चले व्यंग्य के बाण, श्रृंगार ने भिगोया
कोटा। Kota Dusshera 2026: राष्ट्रीय दशहरा मेला में गुरुवार को विजयश्री रंगमंच पर गीत ऋषि दुर्गादान सिंह गौड़ की स्मृति में राजस्थानी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें कवियों ने कविता पाठ के द्वारा श्रोताओं को काव्य रस में डुबो दिया। कवियों ने ठेठ देसी भाषा में कविताएं पढ़ीं तो श्रौता देर रात तक काव्य रस में भीगते रहे।
कवि सम्मेलन में काव्य प्रेमियों को कविता, संगीत और हास्य का त्रिवेणी संगम देखने को मिला। मंच संचालन में कवि भूपेंद्र राठौर ने अपनी ओजस्वी शैली से चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम की शुरुआत बेहद पवित्र और मां शारदे की वंदना के साथ हुई।
संचालक भूपेंद्र राठौर ने सबसे पहले कवि प्रेम शास्त्री को मंच पर आमंत्रित किया। प्रेम शास्त्री ने मां वीणावादिनी की वंदना करते हुए सुरीले अंदाज में भजन प्रस्तुत किया”थारे सरने अयो री मां, थारे सरने अयो री मां”। उनकी इस मनमोहक प्रस्तुति से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया और श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे।
भक्तिरस के बाद कवि सम्मेलन में श्रृंगार और कल्पना के रंग बिखरे। इसके बाद प्रख्यात रचनाकार भेरूलाल भास्कर ने अपनी अनूठी शैली में श्रोताओं को सम्मोहित किया। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध रचना “उतरियों चांद पूनम पानी सु भरी पराता में…” का पाठ किया। उनकी कविताओं के बिंबों और शब्दों की गहराई ने श्रोताओं की वाहवाही लूटी।
कवि सुरेश पंडित ने अपने चुटीले अंदाज और हास्य कविताओं से महफिल को हंसी के ठहाकों से गूंजा दिया। उन्होंने रिश्तों और पारिवारिक जीवन पर तंज कसते हुए अपनी चर्चित रचना “मारा सात्तो वचन मानो जब जाके बाई, अंग आऊ…” सुनाई, जिस पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
कवि सम्मेलन में गौरस प्रचण्ड, राजेन्द्र पंवार, रामरतन वर्मा, भैरव लाल भास्कर, सर्जन शीतल, नहुष व्यास, परमानन्द दाधीच, विनोद संगम जैन, मनदीप सिंह, मुरलीधर गौड़, भूपेन्द्र राठौर, मोहित सक्सेना, सुरेश वैष्णव, रूपनारायण संजय शर्मा, मारूति नन्दन, अभिषेक तिवारी, मुकेश गौतम, गिर्राज आमेठा, प्रतिष्ठा पारिक, गोविन्द हांकला, प्रकाश कसेरा परचम, जगदीश भारती, दुर्गेश शर्मा, हनुमान प्रसाद विजय, एकता शर्मा, बाबू बंजारा और निशामुनि गौड़, रेखराज स्वामी, मधु मनमौजी, सुरेश पण्डित, प्रेम शास्त्री ने कविता पाठ किया।

