अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में ख्यातनाम रचनाकारों ने बिखेरा काव्य का जादू
कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026 के भव्य मंच पर मंगलवार को साहित्य, कला और सांस्कृतिक परंपराओं का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। कोटा के ऐतिहासिक विजयश्री रंगमंच पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश भर से आमंत्रित ख्यातनाम कवियों ने अपनी ओजस्वी, व्यंग्यपरक और सरस रचनाओं से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा तथा विधायक कल्पना देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महापौर अनुसूइया गोस्वामी एवं मेला अधिकारी ओपी मेहरा ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या का विधिवत एवं आध्यात्मिक आगाज प्रख्यात गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती की मधुर वंदना “हे मां सरस्वती तुम्हारी प्रथम करता वंदना…” के साथ हुआ। उनके इस काव्य अनुष्ठान ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय और साहित्यिक चेतना से सराबोर कर दिया।
कवि सम्मेलन में मूर्धन्य कवियों ने अपनी उपस्थिति से मंच की शोभा बढ़ाई। ओज के प्रख्यात हस्ताक्षर हरिओम पंवार, हास्य-व्यंग्य के दिग्गज सत्यनारायण सत्तन, प्रसिद्ध कवि जगदीश सोलंकी, शशिकांत यादव, चेतन चर्चित, विनीत चौहान, सुंदर कटारिया, प्रसिद्ध शायरा अंजुम रहबर तथा ओजस्वी कवयित्री कविता तिवारी ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
मंच संचालन और कविताओं के दौर में विविध रसों का अनूठा प्रवाह देखने को मिला। सुंदर कटारिया ने “शराबी और घरवाली” विषय पर अपनी हास्यप्रद और मजेदार कविताओं से पंडाल में मौजूद दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया।
इसके बाद शशिकांत यादव ने अपनी पैनी पंक्तियों के जरिए समकालीन व्यवस्था और राजनीति पर करारा प्रहार करते हुए सुनाया कि बाप दादा पीढ़ियों चोर, बेटे ऊंचे मुंह फेर, रामजी के नाम पर ही, झूठ बतलाने वाले, राम पन्नों के ही हिसाब मांग रहे हैं।
इसके पश्चात चेतन चर्चित ने राजनीतिक व्यंग्य के साथ-साथ जीवन की वास्तविकताओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों को बयां करती हुई अत्यंत भावुक पंक्तियां पढ़ीं कि सब के सामने खड़ा होना पड़ा, जिम्मेदारी की ओर खड़ा होना पड़ा, मजबूरियों ने ऐसे मोड़ पर ला दिया, वक्त से पहले मुझे बड़ा होना पड़ा।
कवि सम्मेलन में वीर रस की सरिता बही, जिसने श्रोताओं की धमनियों में देशभक्ति का संचार कर दिया। ओजस्वी कवयित्री कविता तिवारी ने अपनी तेजस्विता और बुलंद आवाज से कवि सम्मेलन को नई धार दी।
उन्होंने “भारती की आरती उतारने को आतुर”, ” तिरंगा कभी झुकने न दिया चम्बल की रवानी की कसम है”, और “घास वाली रोटियां खाकर स्वाभिमान रखा” जैसी ओजस्वी पंक्तियों के साथ “उस खिलजी को पद्मिनी की पावनता ने हरा दिया” गाकर राजस्थान की महान शौर्य गाथा प्रस्तुत की।
अलवर से आए प्रख्यात ओज कवि विनीत चौहान ने राजस्थान के त्याग, बलिदान और जौहर की अमर गाथा को जीवंत करते हुए काव्यपाठ किया कि सोलह हजार रानी कूदी, जौहर कुण्डों को प्रणाम किया, रजपूती आन बचाने को, पावन अग्नि स्नान किया।

