नई दिल्ली। Bajaj Pulsar NS400Z Updated : बजाज ऑटो (Bajaj Auto) ने पल्सर ब्रैंड की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर अपनी सबसे पावरफुल नेकेड स्ट्रीटफाइटर बाइक Pulsar NS400Z को नए और हाइटेक फीचर्स के साथ अपडेट कर दिया है। कंपनी ने इस मोटरसाइकल के अपडेटेड मॉडल को लॉन्च कर दिया है।
इसमें नया 5-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल और कई एडवांस कनेक्टेड फीचर्स जोड़े हैं। इन नए फीचर्स के जुड़ने से बाइक की कीमत में लगभग ₹4,000 की मामूली बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद अब इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.90 लाख हो गई है। आइए आपको अपडेटेड पल्सर NS400Z के नए फीचर्स और स्पेसिफिकेशन के बारे में डिटेल में बताते हैं।
डिस्प्ले और नए फीचर्स
- 5-इंच TFT डिस्प्ले – नए मॉडल का सबसे बड़ा हाइलाइट इसमें दिया गया 5-इंच का TFT डिस्प्ले है।
- गूगल मैप्स नेविगेशन – अब राइडर्स सीधे इस 5-इंच की TFT स्क्रीन पर गूगल मैप्स नेविगेशन देख सकेंगे।
- म्यूजिक और डॉक्यूमेंट्स – राइड के दौरान स्क्रीन से ही म्यूजिक कंट्रोल किया जा सकेगा और जरूरी व्हीकल डॉक्यूमेंट्स (जैसे RC/DL) को कंसोल में डिजिटल रूप से स्टोर किया जा सकेगा।
- लैप टाइमर और राइड मोड्स – रेस ट्रैक या टाइम राइडिंग के लिए लैप टाइमर (Lap Timer) दिया गया है। साथ ही 4 राइड मोड्स और ट्रैक्शन कंट्रोल को इसी स्क्रीन से मैनेज किया जा सकता है।
- सेफ्टी और चार्जिंग – अचानक तेज ब्रेक लगाने पर पीछे आ रहे वाहनों को अलर्ट करने के लिए पैनिक ब्रेक अलर्ट और स्मार्टफोन के लिए USB Type-C चार्जिंग पोर्ट दिया गया है।
इंजन, पावर और परफॉर्मेंस
- इंजन – इस मोटरसाइकल में पुराना और भरोसेमंद 349 cc 4-वाल्व DOHC लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है।
- पावर आउटपुट – पावर आउटपुट की बात करें तो यह इंजन 9,000 rpm पर 40 PS की पावर और 7,500 rpm पर 33 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।
- गियरबॉक्स – बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ क्लच दबाए बिना गियर बदलने के लिए बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर (Bi-directional Quickshifter) दिया गया है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग
सस्पेंशन – बाइक में आगे की तरफ 43 mm के अपसाइड-डाउन (USD) फोर्क्स सस्पेंशन दिए गए हैं।
ब्रेकिंग और सेफ्टी – इसमें दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक, ड्यूल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और रेडियल टायर्स मिलते हैं जो रोड पर मजबूत ग्रिप प्रदान करते हैं।
अन्य मॉडल्स में भी मिलेगा TFT कंसोल
कंपनी पल्सर सीरीज के अन्य मॉडल्स जैसे NS125, NS200 और N250 में भी जल्द यह TFT कंसोल देने की तैयारी कर रही है। साथ ही बजाज इस साल के अंत तक एक नई ड्यूल-स्पोर्ट (Dual-Sport) बाइक भी लॉन्च करने की तैयारी में है।

