जयपुर-जोधपुर मार्ट में हाड़ोती के पर्यटन स्थलों के प्रति टूर ऑपरेटर्स में दिखा रुझान

0
30

कोटा। जयपुर एवं जोधपुर में गत दिनों आयोजित ट्रैवल मार्ट में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार- प्रसार एवं मार्केटिंग की गई। दोनों आयोजन पूरी तरह सफल रहे, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में टूर ऑपरेटर्स एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाड़िया ने बताया कि ट्रैवल मार्ट में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, रामगढ़ विषधारी अभयारण्य, चंबल रिवर फ्रंट, चंबल सफारी सहित हाड़ौती के विभिन्न पर्यटन स्थलों की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित कर जानकारी दी गई।

डॉक्यूमेंट्री को बड़ी संख्या में हजारो लोगों ने देखा और हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की यात्रा करने में रुचि दिखाई। माहेश्वरी ने बताया कि ट्रैवल मार्ट में देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विशेष रूप से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, रामगढ़ विषधारी अभयारण्य एवं चंबल रिवर फ्रंट के प्रति विशेष रुझान देखने को मिला। कई टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ौती को अपनी आगामी टूर आइटनरी में शामिल करने में रुचि व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत एवं बंगाल से आए टूर ऑपरेटर्स को फैम टूर (FAM Tour) के माध्यम से हाड़ौती आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की इच्छा जाहिर की।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, सलाहकार गणपत लाल शर्मा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा का जयपुर में राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट तथा जोधपुर में मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के सफल आयोजन के लिए हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

माहेश्वरी ने कहा कि इस तरह के ट्रैवल मार्ट राजस्थान को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान आने वाले समय में देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट में निरंतर भागीदारी निभाकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार एवं मार्केटिंग करेगी।

उन्होंने कहा कि हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग से देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों को हाड़ौती की ओर आकर्षित करने में मदद मिल रही है। हाड़ौती में पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए सकारात्मक संकेत है।