नई दिल्ली। Onion Price: प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच सरकार एक्शन में आ गई है। वह सप्लाई बढ़ाकर कीमतों में मौसमी तेजी को रोकना चाहती है। इसके लिए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के नासिक से बड़े खपत वाले केंद्रों तक खास रेलवे रैक ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये प्याज का भारी स्टॉक पहुंचाना शुरू कर दिया है। उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने सोमवार को यह जानकारी दी।
59% तक बढ़ गई है कीमत
मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि 24 अगस्त को प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़ी। यह बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलो हो गई। एक साल पहले यह 27.37 रुपये प्रति किलो थी। औसत थोक कीमत 68 फीसदी बढ़ी। यह बढ़कर 35.58 रुपये प्रति किलो हो गई। वहीं, पिछले साल इसी अवधि में यह 21.23 रुपये प्रति किलो थी।
प्रमुख शहरों में सोमवार को प्याज की खुदरा कीमत चेन्नई में 60 रुपये किलो (एक साल पहले 33 रुपये), दिल्ली में 55 रुपये किलो (एक साल पहले 35 रुपये) और कोलकाता में 53 रुपये किलो थी। खरे ने बताया, ‘शुरुआत में प्याज की सप्लाई पांच प्रमुख खपत केंद्रों में की जाएगी। इनमें चेन्नई, मदुरै, दिल्ली, एर्नाकुलम और गुवाहाटी शामिल हैं। बाद में बाजार की जरूरतों के आधार पर और जगहों को इसमें शामिल किया जाएगा’
35 रुपये के भाव पर बेचा जाएगा
नासिक में रखे गए प्याज के बफर स्टॉक को रेल रैक के जरिये बड़ी मात्रा में भेजा जा रहा है। इन चुनिंदा खपत केंद्रों में थोक और खुदरा दोनों बाजारों में सप्लाई उतारी जाएगी। उन्होंने कहा कि एनसीसीएफ और नाफेड जैसी एजेंसियों के जरिये खुदरा बाजार में प्याज 35 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा जाएगा। खरे ने कहा कि सरकार आगे कदम उठाने के लिए कीमतों पर कड़ी नजर रख रही है। उन्होंने कहा, ‘नासिक में मंडी की कीमतें दिल्ली से अधिक हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। इसका मतलब है कि गुटबाजी और सट्टेबाजी चल रही है।’
कितना है सरकार के पास बफर स्टॉक
प्याज का बफर स्टॉक केंद्र सरकार का एक रणनीतिक भंडार है। इसे मुख्य रूप से सप्लाई कम होने पर कीमतों में अचानक उछाल से बाजार को बचाने के लिए बनाया गया है। इसे मुख्य रूप से ‘मूल्य स्थिरीकरण कोष’ (कीमतों में स्थिरता लाने वाला कोष) के तहत नाफेड और एनसीसीएफ (उपभोक्ता सहकारी समितियों के शीर्ष संगठन) जैसी एजेंसियों के जरिये खरीदा जाता है। मौसमी कमी या कीमतों में तेजी के समय बाजार में इसे नियंत्रित तरीके से जारी किया जाता है।

