कोटा में भूमि पूजन के साथ ही टेंट डीलर्स महाधिवेशन की तैयारियां शुरू

0
6

प्रांतीय महाधिवेशन में टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 होगा विशेष आकर्षण

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति कोटा टेन्ट डीलर समिति हाडोती टेंट डीलर समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्य का 16 वां प्रांतीय महाधिवेशन एवं टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 आगामी 6 से 8 सितंबर तक कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित किया जायेगा।

तीन दिवसीय इस भव्य महाधिवेशन को लेकर सोमवार को दशहरा मैदान स्थित आयोजन स्थल पर विधिवत भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। भूमि पूजन के साथ ही महाधिवेशन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। यह जानकारी सोमवार को पत्रकार वार्ता ने दी गई।

भूमि पूजन समारोह में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के विशिष्ट अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी थे।

इस अवसर पर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह सहित राजस्थान किराया टेंट व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा, संरक्षक पर्वत सिंह भाटी, प्रदेश महामंत्री रजनीश शर्मा, जयपुर संभाग अध्यक्ष अतुल शर्मा सहित राजस्थान के करीब 40 जिलों की टेंट संस्थाओं के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला ने महाधिवेशन के लिए आयोजकों एवं टेंट व्यवसायियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोटा में इतने बड़े स्तर पर टेंट एवं डेकोर व्यवसायियों का प्रांतीय महाअधिवेशन आयोजित होना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। इस प्रकार के बड़े आयोजन कोटा की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन, होटल, व्यापार एवं परिवहन क्षेत्र को भी गति प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 12 से 15 हजार प्रतिभागियों के आने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में व्यवसायियों और प्रतिनिधियों के कोटा आने से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, बाजार एवं पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को व्यापक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन से हाड़ौती क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और कोटा को भविष्य में डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का यह 16वां प्रांतीय महाधिवेशन लगभग 24 वर्षों बाद पुनः कोटा में आयोजित हो रहा है। यह पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि यह महाअधिवेशन केवल टेंट व्यवसायियों का सम्मेलन नहीं है, बल्कि इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न व्यवसायियों को एक मंच पर लाने वाला राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है। इसमें टेंट, डेकोरेशन, लाइट, कैटरिंग, होटल, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, एसएफएक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा करीब डेढ़ वर्ष पूर्व कोटा में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल से इस महाधिवेशन को कोटा में आयोजित करने का आग्रह किया गया था। उनके द्वारा प्रस्ताव स्वीकार किए जाने के बाद राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, कोटा टेंट डीलर्स समिति एवं हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति के पदाधिकारी देशभर का दौरा कर चुके हैं और इसे सफल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा ने बताया कि महाधिवेशन में देश के 15 से अधिक राज्यों से टेंट व्यवसायी, निर्माता, सप्लायर्स एवं उद्योग प्रतिनिधि भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, ताकि वे हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो सकें।

हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि महाधिवेशन के लिए अब तक 300 से अधिक स्टॉल आवंटित की जा चुकी हैं। आयोजन स्थल पर 15 डोम लगाने का कार्य शुरू हो गया है। भूमि पूजन के साथ ही आयोजन की तैयारियों में तेजी आ गई है।

उन्होंने बताया कि महाधिवेशन का उद्घाटन समारोह 6 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।देशभर से आने वाले अतिथियों के आवास के लिए कोटा व्यापार महासंघ के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 4000 कमरों की बुकिंग की गई है। अतिथियों के भोजन, परिवहन, आवास एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया कि महाधिवेशन में देशभर के टेंट व्यवसायी, निर्माता, सप्लायर्स एवं उद्योग प्रतिनिधि एक मंच पर आएंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन व्यापार विस्तार, नई तकनीक, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, अनुभव साझा करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इससे हाड़ौती के टेंट एवं वेडिंग व्यवसाय को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले व्यवसायियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों एवं प्रमुख बाजारों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, ताकि वे यहां की पर्यटन एवं व्यापारिक संभावनाओं को समझ सकें और अपने-अपने क्षेत्रों में हाड़ौती के पर्यटन का प्रचार-प्रसार कर सकें।

सौरभ पोरवाल ने बताया कि महाधिवेशन की समस्त तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उद्घाटन एवं समापन समारोह अपनी भव्यता और विशेषता के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इनमें हाड़ौती एवं राजस्थान की संस्कृति और परंपरा की अद्भुत छटा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर उनके संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं।

अनंत ऊर्जा सोलर एंड ईवी एक्सपो- 2026 का भी आयोजन
TPN Solutions के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल ने बताया कि तीन दिवसीय एक्सपो में हाड़ौती क्षेत्र के सोलर एवं ईवी व्यवसाय से जुड़ी कंपनियों के 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें सोलर, ईवी एवं संबंधित कंपोनेंट्स की निर्माण कंपनियां तथा सर्विस इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिष्ठान भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि एक्सपो के माध्यम से सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं नई तकनीक से जुड़े उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।